पारिवारिक रंजिश और शक में जेठ ने की छोटे भाई की पत्नी की हत्या, चंद घंटों में आरोपी गिरफ्तार

गला दबाने के बाद कुल्हाड़ी (टंगिया) से किया वार, वारदात के बाद नहर के पास छिपा था आरोपी; हत्या में प्रयुक्त हथियार और खून से सने कपड़े बरामद

कवर्धा। कबीरधाम जिले के सहसपुर लोहारा थाना क्षेत्र के ग्राम मोहगांव में छोटे भाई की पत्नी की हत्या के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी जेठ को वारदात के कुछ ही घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, पारिवारिक रंजिश और मृतिका के चरित्र को लेकर संदेह के चलते आरोपी ने इस वारदात को अंजाम दिया। आरोपी ने पहले महिला का गला दबाया और फिर टंगिया से वार कर उसकी हत्या कर दी।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 2 नवंबर 2026 को बीरसिंग निषाद निवासी ग्राम मोहगांव ने अपनी पत्नी हेमलता निषाद की हत्या की सूचना पुलिस को दी। उसने अपने बड़े भाई देवसिंग निषाद पर हत्या का आरोप लगाया। मामले में पुलिस ने मर्ग कायम कर धारा 103(1) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की।
थाना प्रभारी निरीक्षक मनीष मिश्रा ने अलग-अलग टीमें गठित कर आरोपी की तलाश शुरू की। एफएसएल टीम की मौजूदगी में घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया गया। मौके से खून के निशान, टूटी चूड़ियां और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए गए।


जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि वारदात के बाद आरोपी देवसिंग फरार होकर गांव के पास नहर किनारे छिपा हुआ है। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने हत्या करना स्वीकार किया। उसने बताया कि हेमलता के किसी युवक से बातचीत करने को लेकर उसे संदेह था। इसी बात पर विवाद और गुस्से में आकर उसने वारदात को अंजाम दिया।


आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त टंगिया और खून से सने कपड़े जब्त किए गए। पुलिस के मुताबिक, आरोपी पूर्व में भी मृतिका से छेड़छाड़ के मामले में जेल जा चुका है। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।