पाटन। पाटन थाना क्षेत्र के ग्राम फुंडा से लोहरसी मार्ग पर गुरुवार सुबह एक बड़ा हादसा टल गया। रायपुर की ओर से आयरन ओर खाली कर वापस लौट रहा एक ट्रक अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खेत में जा घुसा। हादसे में ट्रक चालक को मामूली चोटें आई हैं, जबकि ट्रक का सामने का शीशा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

जानकारी के अनुसार, ट्रक रायपुर की ओर आयरन ओर खाली करने के बाद वापस लौट रहा था। सुबह करीब फुंडा श्मशान घाट के पास चालक को अचानक झपकी आ गई। इससे ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे उतर गया और खेत की कांटेदार तार की घेराबंदी को तोड़ते हुए सीधे खेत में जा घुसा।

हादसे के दौरान ट्रक का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया तथा सामने का कांच टूट गया। चालक को हल्की चोटें आईं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद खतरे से बाहर बताया जा रहा है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार घटना सुबह के समय हुई, जब खेतों में किसान काम करने नहीं पहुंचे थे। यदि उस समय खेत में मजदूर या किसान मौजूद होते तो बड़ा हादसा हो सकता था। घटना के बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और चालक की मदद की।

इस दुर्घटना ने एक बार फिर लंबी दूरी तक वाहन चलाने वाले चालकों में थकान और झपकी के खतरे को उजागर किया है। स्थानीय लोगों ने वाहन चालकों से पर्याप्त आराम के बाद ही लंबी यात्रा करने की अपील की है, ताकि इस तरह की दुर्घटनाओं से बचा जा सके।






