दुर्ग।दुर्ग जिले में पुलिस ने पांच एकड़ से अधिक जमीन पर की जा रही अवैध अफीम की खेती का खुलासा किया है। मामले में भाजपा नेता सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि एक आरोपी फरार है। पुलिस ने करीब आठ करोड़ रुपये की अफीम जब्त की है।

जेवरा सिरसा चौकी अंतर्गत ग्राम समोदा झेंझरी के बीच स्थित एक बड़े भूभाग पर अवैध अफीम की खेती की जानकारी जब पुलिस को मिली तो एक स्पेशल टीम का गठन किया गया। इसके बाद पुलिस के अधिकारी जब मौके पर पहुंचे तो उनकी भी आंखें फटी की फटी रह गईं। पुलिस पहले अनुमान लगा रही थी कि एक एकड़ जमीन पर ही अफीम की खेती की जा रही है, लेकिन जैसे-जैसे पुलिस खेतों की तरफ आगे बढ़ी तो पता चला कि एक नहीं बल्कि 5 एकड़ 62 डिसमिल क्षेत्र में अफीम की खेती की गई थी।
आरोपी भाजपा नेता विनायक ताम्रकार मक्का और ज्वार के पौधों की आड़ में अफीम की खेती कर रहा था। पुलिस ने भाजपा नेता विनायक ताम्रकार सहित विकास बिश्नोई और मनीष उर्फ गोलू ठाकुर को गिरफ्तार किया है, वहीं अचला राम जाट फरार है जिसकी तलाश पुलिस कर रही है। विकास बिश्नोई मूल रूप से राजस्थान का रहने वाला है।
शिवनाथ नदी के तट से लगी लगभग 110 एकड़ भूमि को तार फेंसिंग से घेरा गया था। बीच में मक्का, गेहूं, धान और चना जैसी फसलें लगी हुई थीं। उन्हीं के बीच अफीम की खेती की जा रही थी। पौधों को विकसित करने के लिए ड्रिप सिंचाई की व्यवस्था भी की गई थी

अफीम नेटवर्क की जांच की मांग
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने मीडिया से चर्चा की। उन्होंने कहा कि भाजपा नेता का फार्महाउस 100 से अधिक एकड़ में फैला है। इसमें चारागाह की भूमि भी शामिल है।
भूपेश बघेल ने चिंता जताई कि पहले अफीम का नशा पंजाब और अन्य राज्यों से आता था। अब दुर्ग जिले में ही अफीम की खेती शुरू हो गई है। उन्होंने इस नेटवर्क के फैलाव की जांच की मांग की। यह जानना जरूरी है कि यह अवैध कारोबार कितना फैला है। भाजपा ने मामला उजागर होने पर विनायक ताम्रकर को तत्काल निलंबित कर दिया।






