राजकुमार सिंह ठाकुर

पंडरिया । छत्तीसगढ़ में बीपीसीएल के पम्पों से सम्बंधित ट्रांसपोर्टर की विगत 5 दिन से हड़ताल जारी है,जिसकी वजह से अंचल की पेट्रोल डीजल की आपूर्ति में असर पड़ रहा है।नगर में तीन भारत पेट्रोलियम,एक एस्सार तथा एक इंडियन ऑयल के पेट्रोल पम्प है।भारत पेट्रोलियम के पेटोल पम्प में एक सप्ताह से पेट्रोल, डीजल की सप्लाई नहीं हो रही है।प्रकाश पेट्रोल पंप में शनिवार को पेट्रोल डीजल खत्म हो गई।वहीं रविवार नगर के तीनों भारत पेट्रोल पम्प में पेट्रोल, डीज़ल खत्म हो जाएंगे।जिसके चलते उपभोक्ताओं को परेशान होना पड़ सकता है।ट्रांसपोर्टर की मांग है कि जिन दरों में 2017 से 2022 की अवधि के लिए निविदा हुई थी, उसमें कम से कम 10 प्रतिशत की वृद्धि करने के बाद नयी निविदा कम्पनी को जारी करनी चाहिए।लेकिन कम्पनी पुरानी दरों से भी कम करके नई निविदाएं आमंत्रित कर रही है। जबकि पिछले पांच सालों में खर्च में कम से कम 30 से 40 प्रतिशत की वृद्धि हो गई है।ट्रांसपोटर्स का कहना है कि उनके द्वारा तीन से चार-बार कम्पनी के प्रतिनिधियों से बात करके अपनी समस्या रखी है। परंतु कम्पनी की तरफ से किसी प्रकार का सकारात्मक रुख नही अपनाया जा रहा है। जिससे उनके समक्ष शांतिपूर्वक हड़ताल के अलावा कोई विकल्प नही बचा है।इन सबके बीच पेट्रोल पंप संचालक, कम्पनी और ट्रांसपोर्टर की लड़ाई में पीसते नजर आ रहे हैं।विदित हो कि पेट्रोल पंप अत्यावश्यक सेवाओं के अंतर्गत आते हैं।ऐसे में पेट्रोल पंप में डीजल पेट्रोल न होने के कारण उनको ग्राहकों का परेशानी हो रही है।भारत पेट्रोलियम के अधिकारियों का कहना है कि ट्रांसपोर्टर डीलरों की गाड़ियों को क्षतिग्रस्त करने की धमकी दे रहे हैं। इसलिए डीलर्स की गाड़ियां भी सप्लाई चेन से हट गई हैं।इस मसले पर भारत पेट्रोलियम के अधिकारियों ने अपने पेट्रोल पंप संचालकों के माध्यम से उनके सम्बंधित पुलिस चौकी एवं जिलाधीश कार्यालय में डीलर्स की गाड़ी की सुरक्षा हेतु ज्ञापन दिलवाया गया है।इन सबके बीच आने वाले समय मे ग्राहकों को इससे सम्बंधित समस्या का सामना करना पड़ सकता है।







