नगरी/ सिहावा,बेलरगांव।जिले में अवैध जुआ, सट्टा और शराब के कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत दुधावा पुलिस चौकी ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्राम कोटलभट्टी के खेत मार्ग पर जुआ खेल रहे चार आरोपियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 52 पत्ती ताश, प्लास्टिक की चटाई, एक टॉर्च तथा ₹5,180 नगद जब्त किया है। कार्रवाई के बाद क्षेत्र में अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों में हड़कंप मच गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक निखित राखेचा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश कुमार साहू एवं एसडीओपी मोहसिन खान के निर्देशन में जिलेभर में अवैध गतिविधियों के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में दुधावा चौकी प्रभारी निरीक्षक योगेंद्र कुमार वर्मा के नेतृत्व में क्षेत्र में लगातार निगरानी रखी जा रही थी।
10 जुलाई 2026 को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम कोटलभट्टी के खेत जाने वाले एकांत मार्ग पर कुछ लोग रुपये-पैसों का दांव लगाकर जुआ खेल रहे हैं। सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी ने पुलिस टीम का गठन कर तत्काल मौके के लिए रवाना किया। पुलिस ने योजनाबद्ध तरीके से चारों ओर से घेराबंदी कर जुआ खेल रहे लोगों को पकड़ लिया। अचानक हुई कार्रवाई से मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई, लेकिन पुलिस ने किसी को भागने का मौका नहीं दिया।
पुलिस ने मौके से चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। इनमें रोहित कुमार नाग (40 वर्ष) निवासी भुमका, थाना सिहावा, किशनाथ मरकाम (32 वर्ष) निवासी कसपुर, थाना बोरई, उकेश कुमार नेताम (31 वर्ष) निवासी कसपुर, थाना बोरई तथा शत्रुधन यादव (35 वर्ष) निवासी जैतपुरी, थाना सिहावा, जिला धमतरी शामिल हैं।
मौके से पुलिस ने जुआ खेलने में प्रयुक्त 52 पत्ती ताश, एक प्लास्टिक की चटाई, एक टॉर्च तथा कुल ₹5,180 नगद जब्त किया। आरोपियों के विरुद्ध जुआ प्रतिषेध अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर विधिसम्मत कार्रवाई की गई।
चौकी प्रभारी निरीक्षक योगेंद्र कुमार वर्मा ने बताया कि क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने तथा जुआ, सट्टा एवं अन्य अवैध गतिविधियों पर पूरी तरह अंकुश लगाने के लिए पुलिस का अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने लोगों से भी अपील की कि किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।

इस सफल कार्रवाई में चौकी प्रभारी निरीक्षक योगेंद्र कुमार वर्मा के साथ प्रधान आरक्षक गौतम बिसेन, गुरूचंद शोरी तथा आरक्षक मिथिलेश कोटपरिहा, डोमार मरकाम, देवेन्द्र नेताम, गजाधर उड़के, पुष्कर शांडिल्य एवं महेश कोरेटी की सराहनीय भूमिका रही।







