पाटन। पाटन विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत जमराव में बिजली विभाग की लापरवाही का मामला सामने आया है। ग्रामीणों के अनुसार वार्ड क्रमांक 20 के 7-8 घरों में पिछले दो दिनों से बिजली आपूर्ति बंद थी। इस संबंध में अमलेश्वर बिजली विभाग के कर्मचारियों को कई बार सूचना दी गई, लेकिन शिकायत के बावजूद कोई कर्मचारी मौके पर नहीं पहुंचा।

बिजली आपूर्ति लंबे समय तक बाधित रहने से परेशान ग्रामीणों ने आखिरकार स्वयं ही समस्या का समाधान करने का प्रयास किया। बताया जा रहा है कि कुछ ग्रामीण बिना किसी सुरक्षा उपकरण के जान जोखिम में डालकर बिजली के खंभे पर चढ़ गए और खराब लाइन को ठीक किया, जिसके बाद प्रभावित घरों में बिजली बहाल हो सकी।
ग्रामीणों ने बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताते हुए कहा कि समय पर कर्मचारी पहुंच जाते तो उन्हें अपनी जान जोखिम में नहीं डालनी पड़ती। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि इस दौरान कोई बड़ा हादसा हो जाता तो उसकी जिम्मेदारी कौन लेता।
ग्रामीणों ने विभागीय अधिकारियों से मामले की जांच कर लापरवाह कर्मचारियों पर कार्रवाई करने तथा भविष्य में शिकायत मिलने पर तत्काल विद्युत व्यवस्था बहाल करने की मांग की है। वहीं क्षेत्र के लोगों ने बिजली संबंधी समस्याओं के त्वरित निराकरण के लिए विभाग से बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने की अपेक्षा जताई है।






