आशीष दास

कोंडागांव/ बड़ेडोंगर । कोंडागांव जिलेभर में पिछले कई दिनों से ही झमाझम बारिश जारी है। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में नदी-नाले उफान पर आ गए। लगातार बारिश से कई ग्रामों में पानी भर गया। ग्रामों में रास्तों में नालों की तरह पानी बहता दिखा। स्कूली बच्चे व ग्रामीण जोखिम भरे रास्तों को पार करते दिखे। वहीं नदी नालों की पुलिया के ऊपर से पानी बहने से कई मार्ग अवरुद्ध हो गए।
बारिश से जिले के कई नदी नालों व तालाबों में पानी की आवक बढ़ गई। इसका पानी पुलिया के उपर से बहने लगा। इसके बाद इन मार्गों से आवागमन बंद कर दिया गया। फरसगांव विकास खंड के अंदरूनी क्षेत्र ग्राम पंचायत चांदाबेडा के नाला उफान पर आने से स्कुली बच्चे, शिक्षक एवं ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं चांदाबेड़ा के सरपंच प्रतिनिधि महेंद्र सलाम ने कहा कि उक्त नाले में पुलिया निर्माण हेतु मुख्यमंत्री के घोषणा के बाद भी कोई सुगबुगाहट नज़र नहीं आ रही है। पुलिया नहीं होने के चलते बारिश में ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्राम पंचायत सिरसीकलार का नाला उफ़ान पर होने से पिछले 2 दिन से लोगों का आना जाना बंद हो गया, जिससे स्कूली बच्चे एवं ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
वहीं बड़े ओड़ागांव के नदी भी उफान पर होने से पुल के ऊपर से पानी बह रहा है और आने जाने का रास्ता बंद हो चुका है। इससे लोगों की चिंता व परेशानी बढ़ गई। ग्राम मिसरी से झाकड़ी के बीच नाले में पानी भर जाने से स्कूली बच्चों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्कूल जाने के लिए बच्चे साइकिल को कंधे पर उठाकर पार करते नजर आए।
मंगलवार को समय सीमा के बैठक में नव पदस्थ जिला कलक्टर दीपक सोनी ने नदी नाले में पानी भर जाने की जानकारी मिलने पर तुरंत शिक्षा विभाग एवं राजस्व विभाग को स्कूली बच्चों एवं ग्रामीणों की सुरक्षा हेतु स्कूल में अवकाश घोषित कर पुल पर सुरक्षाकर्मियों को तैनात करने के निर्देश दिये।






