चरखुरा में अज्ञात कारणों से धान की खरही में लगी आग, एक एकड़ की फसल जलकर खाक

पंडरिया। विकासखंड के ग्राम चरखुरा में अज्ञात कारणों से धान की खरही में आग लगने से एक एकड़ की फसल जलकर पूरी तरह खाक हो गई। इस घटना में किसान को लगभग एक लाख रुपये का आर्थिक नुकसान हुआ है। पीड़ित किसान ने मामले की सूचना पांडातराई थाने में देते हुए शासन-प्रशासन से उचित मुआवजे की मांग की है।

जानकारी के अनुसार, ग्राम चरखुरा निवासी मोहम्मद जमालनुर खान (पिता स्व. आजम खान) वर्तमान में अपने परिवार के साथ पंडरिया में निवास करते हैं। ग्राम चरखुरा में उनकी कुल 6 एकड़ पैतृक कृषि भूमि है, जिसे उन्होंने गांव के ही किसान रोहित यादव को अधिया (बटाई) पर खेती करने के लिए दिया है।

किसान जमालनुर खान ने बताया कि अधियारा रोहित यादव ने खेत के 1 एकड़ हिस्से में लगी धान की फसल की कटाई कर 11 नवंबर को खेत में ही उसकी खरही (ढेर) बनाकर रखी थी। इसके दो दिन बाद, 13 नवंबर को अधियारा रोहित यादव ने फोन के माध्यम से सूचना दी कि खेत में रखी धान की खरही में अज्ञात कारणों से भीषण आग लग गई है। आग इतनी तेजी से फैली कि पूरी फसल जलकर राख हो गई।

इस आगजनी की घटना से किसान को करीब 1 लाख रुपये की आर्थिक क्षति पहुंची है। पीड़ित किसान ने पांडातराई थाने में घटना की लिखित शिकायत दर्ज कराई है और राजस्व विभाग तथा प्रशासन से नुकसान का आकलन कर जल्द से जल्द मुआवजा दिलाने की गुहार लगाई है।