पंडरिया । नगर सहित ब्लाक के ग्रामीण क्षेत्रों में शनिवार की दरम्यानी रात बेमौसम बरसात हो गई ,जिससे खरीफ फसलों सहित कई फसलों को नुकसान हुआ है।सर्वाधिक नुकसान कटे हुए धान को हुआ है,जो काट कर खेत मे रखे हुए हैं।क्षेत्र के अधिकतर धान काटकर खेतों में रखा हुआ था,जो अचानक बरसात होने से पानी में भीग गए तथा कई खेतों में डूब गए।पहले से भरा पानी भी अभी नहीं सुख पाया था,जो बरसात होने से और ज्यादा भर गया।धान का करपा अभी खेतों में ही पड़ा था।ऐसे में धान पूरी तरह से डूब गए।मैनपुरा के कृषक अशोक साहू ने बताया कि उनके खेत में पानी भर जाने से धान का करपा उठाते नहीं बन रहा है।साथ ही धान का फसल पूरी तरह से पानी मे भीग चुका है।जिससे नुकसान होने की संभावना है।उन्होंने बताया कि यदि मौसम इसी तरह बना रहा तो अच्छी फसल को भी क्षति पहुंचेगी।
करपा को मेढ़ व तालपतरी लगा कर रख रहे- बरसात के कारण खेतों में पानी भर जाने के कारण किसानों की पकी फसल को क्षति पहुंची है।वहीं करपा पानी में डूब जाने के कारण किसान करपा को खेत के मेढ़ में सुखा रहे हैं।इसके अलावा खेत में रखे धान के खरही को खेत में पालीथिन लगाकर रख रहे हैं।
तिलहन व सब्जियों को भी नुकसान- इस बेमौसम बरसात से धान के अलावा कई अन्य फसलों को भी क्षति पहुंची है।जिसमें अरहर,सरसों ,रामतिल को नुकसान हुआ है।सरसों व अरहर के फूल झड़ गए।इसके साथ ही सब्जी -भाजी भी खराब हुए हैं।
“ज्यादा बारिश होने पर धान सहित कुछ फसलों को नुकसान होगा,बारिश से हुए फसलों के नुकसान का आंकलन कर प्रतिवेदन भेजा जाएगा। “
द्वारिका प्रसाद तिवारी,कृषि विकास अधिकारी ,पंडरिया।