दुर्ग।
दुर्ग में हुए दर्दनाक बस हादसे के बाद सरकार एक्शन मोड में नजर आ रही है। हादसे में घायल लोगों का हाल जानने के लिए आज कैबिनेट मंत्री गजेन्द्र यादव जिला अस्पताल पहुंचे।
मंत्री ने अस्पताल में भर्ती घायलों से एक-एक कर मुलाकात की और उनका हालचाल जाना। इस दौरान उन्होंने डॉक्टरों को सख्त निर्देश दिए कि इलाज में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। साथ ही गंभीर रूप से घायल मरीजों पर विशेष ध्यान देने को कहा।
मंत्री ने अस्पताल का निरीक्षण भी किया, जहां उन्होंने दवाइयों की उपलब्धता, साफ-सफाई और मरीजों को दिए जा रहे भोजन की व्यवस्था का जायजा लिया। भीषण गर्मी को देखते हुए उन्होंने कूलर, पंखे और ठंडे पानी की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इस मौके पर मंत्री ने कहा, “सरकार हर पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है। इलाज में कोई कमी नहीं आने दी जाएगी।”
उन्होंने घायलों के परिजनों से भी बातचीत की और उन्हें भरोसा दिलाया कि सरकार की ओर से हर संभव सहायता प्रदान की जाएगी।







