दुर्ग: एनएच-53 पर भीषण सड़क हादसा, ट्रेलर की चपेट में आने से युवक की मौत, टक्कर इतनी जबरदस्त हुई कि बाइक की पेट्रोल टंकी फट गई

दुर्ग। दुर्ग-राजनांदगांव बाईपास स्थित एनएच-53 पर रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा आरोग्य हॉस्पिटल के पास हुआ, जहां एक ट्रेलर ने मोटरसाइकिल को अपनी चपेट में ले लिया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार बाइक क्रमांक CG 07 CV 3947 ट्रेलर की टक्कर से दुर्घटनाग्रस्त हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक की पेट्रोल टंकी फट गई और वाहन में आग लग गई। देखते ही देखते मोटरसाइकिल पूरी तरह जलकर खाक हो गई। हादसे में बाइक चला रहे युवक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि मृतक युवक बाइक पर अकेला सवार था।

घटना के बाद ट्रेलर क्रमांक JH 05 DS 0514 का चालक मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही मोहन नगर थाना पुलिस एवं एनएचएआई की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल की मॉर्चरी भिजवाया।

पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार ट्रेलर चालक की तलाश शुरू कर दी है। हादसे के बाद कुछ समय तक बाईपास मार्ग पर यातायात भी प्रभावित रहा। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच में जुटी हुई है।