त्योहारों के मद्देनजर दुर्ग पुलिस की कार्रवाई, धारदार हथियार लेकर लोगों को डराने वाले तीन आरोपी गिरफ्तार, तीनों आरोपियों के कब्जे से धारदार लोहे के हथियार बरामद, आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई कर भेजे गए जेल

भिलाई। त्योहारों के दौरान शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए दुर्ग पुलिस लगातार सक्रिय है। इसी कड़ी में थाना पुरानी भिलाई पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए धारदार हथियार लेकर आम नागरिकों को डराने-धमकाने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से तीन धारदार लोहे के हथियार बरामद कर जब्त किए हैं।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 11 नवंबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि पुरानी भिलाई थाना क्षेत्र के अलग-अलग सार्वजनिक स्थानों पर कुछ व्यक्ति धारदार हथियार लेकर लोगों को डरा-धमका रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी कर तीनों आरोपियों को पकड़ा। कार्रवाई सीएसईबी कॉलोनी ग्राउंड के खंडहर रोड के पास, भिलाई श्मशान घाट के पास कैंप-03 सहित अन्य स्थानों पर की गई।

गिरफ्तार आरोपियों में गजेंद्र कुमार बंजारे (27 वर्ष), निवासी कैंप-02 छावनी, विवेक यादव (21 वर्ष), निवासी मूलतः देवरिया उत्तर प्रदेश एवं वर्तमान निवासी कैंप-02 छावनी और सूरज प्रसाद (25 वर्ष), निवासी पुराना मछली मार्केट कैंप-02 छावनी शामिल हैं।

पुलिस ने गजेंद्र कुमार बंजारे के पास से एक धारदार लोहे का हथियार, विवेक यादव के पास से एक लोहे का धारदार चापड़नुमा हथियार तथा सूरज प्रसाद के कब्जे से एक धारदार लोहे का हथियार बरामद किया है। तीनों आरोपियों के विरुद्ध आर्म्स एक्ट की धारा 25 एवं 27 के तहत अलग-अलग अपराध दर्ज कर विधिवत गिरफ्तार किया गया। बाद में तीनों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि सार्वजनिक स्थानों पर धारदार हथियार लेकर घूमने अथवा लोगों को डराने-धमकाने वाले व्यक्तियों की जानकारी तत्काल पुलिस को दें, ताकि क्षेत्र में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनी रहे।