दुर्ग ग्रामीण : पीएमश्री स्कूल सिरसिदा में सांस्कृतिक गतिविधि का हुआ भव्य आयोजन

अंडा। पीएम श्री योजना के अंतर्गत पीएम श्री शासकीय प्राथमिक शाला सिरसिदा में सांस्कृतिक गतिविधियों का सफल एवं उत्साहपूर्ण आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के पूजन एवं वंदना के साथ किया गया। इसके पश्चात विद्यार्थियों ने विविध सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से उपस्थित अतिथियों और अभिभावकों का मन मोह लिया।
कार्यक्रम में शाला के सभी अध्ययनरत विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर सहभागिता निभाई। बच्चों द्वारा प्रस्तुत संदेशप्रद प्रहसन, देशभक्ति एवं लोकनृत्य ने सभी को भावविभोर कर दिया। इसके साथ ही विद्यार्थियों द्वारा तैयार की गई कलाकृतियों की आकर्षक प्रदर्शनी भी लगाई गई, जिसमें मिट्टी की कलाकृतियां, चित्रकारी, थाली सजावट एवं दिया सजावट विशेष रूप से सराहनीय रही। कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों ने बच्चों की प्रतिभा की खुलकर प्रशंसा की।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में जनपद अध्यक्ष गुंडरदेही पुरुषोत्तम चंद्राकर उपस्थित रहे। उनके साथ सरपंच सरस्वती इंद्रजीत चंद्राकर, उपसरपंच दामिनी चंद्राकर, शाला प्रबंधन समिति की अध्यक्ष गीता देशलहरे, उपाध्यक्ष दुर्गा प्रसाद साहू, पूर्व माध्यमिक शाला प्रबंधन समिति के अध्यक्ष प्रहलाद चंद्राकर, शिक्षाविद कृपाराम पटेल सहित समिति के सदस्यगण मौजूद रहे।
विशेष अतिथि के रूप में विकासखंड स्त्रोत समन्वयक गुंडरदेही के.के. साहू, संजय शुक्ला एवं प्राचार्य कुल्हारे उपस्थित रहे। उन्होंने कार्यक्रम की सराहना करते हुए सिरसीदा ग्रामवासियों से शिक्षा के क्षेत्र में इसी प्रकार सहयोग बनाए रखने की अपील की।


कार्यक्रम का आभार प्रदर्शन पीएम श्री शासकीय प्राथमिक शाला की प्रधान पाठक धनेश्वरी साहू द्वारा किया गया। आयोजन में शाला के समस्त शिक्षकगण दर्शेंद्र कुमार साहू, गीतिका देशमुख, चंदूलाल ठाकुर, योग शिक्षक गिरु धनकर, संगीत शिक्षक योगेंद्र साहू तथा शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला की प्रधान पाठक लीना देवांगन एवं शिक्षक महेंद्र कुमार साहू, हीरालाल साहू एवं राकेश कुमार उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का सफल संचालन एवं समापन हर्षोल्लास के साथ किया गया। यह आयोजन विद्यार्थियों की प्रतिभा को निखारने और शिक्षा के साथ संस्कारों को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ।