दुर्ग ग्रामीण : भोथली–तिरगा मार्ग बदहाल, आवेदन के बाद भी नहीं हुई सुनवाई

अंडा। दुर्ग ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के ग्राम भोथली से खुर्सीपार और भोथली से तिरगा जाने वाला मुख्य मार्ग लंबे समय से जर्जर स्थिति में है। सड़क पर जगह-जगह गड्ढे हो चुके हैं, डामर उखड़ गया है और धूल के कारण राहगीरों को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है। खराब सड़क के चलते दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बना हुआ है।
ग्रामीणों ने बताया कि सड़क की दयनीय हालत को लेकर कई बार संबंधित विभाग और अधिकारियों को आवेदन दिया गया है। दुर्ग जनपद सदस्य दामिनी मुकेश साहू द्वारा भी इस संबंध में लिखित आवेदन प्रस्तुत किया गया, लेकिन अब तक किसी प्रकार की सुनवाई नहीं हुई है। न तो मरम्मत कार्य शुरू हुआ है और न ही निर्माण की कोई पहल दिखाई दे रही है।
क्षेत्रवासियों में प्रशासन के प्रति नाराजगी बढ़ती जा रही है। लोगों का कहना है कि जब तक कोई बड़ी घटना नहीं होती, तब तक अधिकारी गंभीरता नहीं दिखाते। ग्रामीणों ने शासन-प्रशासन से मांग की है कि तत्काल मौके का निरीक्षण कर दोनों मार्गों का शीघ्र मरम्मत कार्य प्रारंभ कराया जाए, अन्यथा आंदोलन का रास्ता अपनाया जाएगा।