दुर्ग ग्रामीण : इंस्टाग्राम पर आपत्तिजनक AI वीडियो को लेकर शिकायत, कार्रवाई की मांग

अण्डा। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी दुर्ग ग्रामीण ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर प्रसारित हो रहे कथित आपत्तिजनक और AI जनरेटेड वीडियो को लेकर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। इस संबंध में थाना अंडा, जिला दुर्ग में आवेदन देकर संबंधित इंस्टाग्राम आईडी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की गई है।
आवेदन के अनुसार, @congress_polkhol नामक इंस्टाग्राम आईडी द्वारा एक आपत्तिजनक, भ्रामक और AI जनरेटेड वीडियो पोस्ट किया गया, जिसे @randomchhattisgarh नामक आईडी के साथ साझा कर व्यापक रूप से प्रसारित किया जा रहा है। शिकायत में कहा गया है कि उक्त वीडियो में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और सार्वजनिक जीवन से जुड़े व्यक्तियों के संबंध में अपमानजनक और भ्रामक सामग्री प्रस्तुत की गई है, जिससे उनकी छवि धूमिल हो रही है।
शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि इस प्रकार की सामग्री न केवल राजनीतिक दुर्भावना से प्रेरित है, बल्कि समाज में भ्रम फैलाने और जनभावनाओं को भड़काने का प्रयास भी है। इससे कांग्रेस कार्यकर्ताओं और आम जनता में आक्रोश की स्थिति उत्पन्न हो गई है।
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने मांग की है कि संबंधित इंस्टाग्राम आईडी संचालकों के खिलाफ तत्काल एफआईआर दर्ज की जाए, दोषियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाए तथा संबंधित वीडियो को हटाकर आईडी को स्थायी रूप से बंद किया जाए। साथ ही भविष्य में इस प्रकार की फर्जी और आपत्तिजनक सामग्री के प्रसार पर रोक लगाने के लिए सख्त कदम उठाने की भी मांग की गई है।
इस दौरान प्रमुख रूप से देवेंद्र देशमुख (ब्लॉक अध्यक्ष), टिकेश्वरी देशमुख (उपाध्यक्ष, जिला कांग्रेस कमेटी दुर्ग), नंद कुमार सेन (पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष), राकेश हिरवानी (उपाध्यक्ष जनपद पंचायत), डॉ. जीतेन्द्र साहू (सेक्टर प्रभारी), दिग्विजय सिन्हा (सरपंच), बैकुंठ महानंद (सेक्टर प्रभारी), प्रवीण चंद्राकर, नवनीत चंद्राकर, प्रशांत पाण्डेय, भूपेश यादव (बूथ अध्यक्ष), बुधार पाल, संतोष पाल, संदीप चंद्राकर, तेज राम चौहान, डॉ. जे.डी. चेलक, खोमराज साहू, जायभूषण साहू, जीतेन्द्र यादव, आत्मा पटेल, रमेश साहू, चुरामन साहू, कौशल प्रसाद महलांग, चंद्र शेखर साहू, राजू निर्मारकर, भूपेश हरमुख सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
आवेदन में यह भी चेतावनी दी गई है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं की गई तो कांग्रेस कार्यकर्ता आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।