दुर्ग ग्रामीण : चिंगरी के दिव्यांश साहू ने 10वीं में 94% अंक हासिल कर बढ़ाया गांव का मान

अण्डा। ग्राम चिंगरी निवासी होनहार छात्र दिव्यांश साहू पिता दिनेश साहू, माता ममता साहू ने कक्षा दसवीं बोर्ड परीक्षा में शानदार 94% प्रतिशत अंक प्राप्त कर अपने परिवार, गांव और विद्यालय का नाम रोशन किया है। दिव्यांश ने यह सफलता प्रयास आवासीय विद्यालय, सड्डू रायपुर (छत्तीसगढ़) से अध्ययन करते हुए हासिल की है।
दिव्यांश साहू की सफलता इसलिए भी प्रेरणादायक है क्योंकि उन्होंने कठिन परिस्थितियों में लगातार मेहनत कर यह मुकाम हासिल किया। बताया जाता है कि दिव्यांश ने पिछले 5 वर्षों तक अण्डा स्थित संजय न्यूज़ एजेंसी में अखबार बांटकर अपनी पढ़ाई जारी रखी और मेहनत व लगन से सफलता प्राप्त की।
उनकी इस उपलब्धि से ग्राम चिंगरी सहित पूरे अण्डा क्षेत्र में खुशी का माहौल है। दिव्यांश की सफलता पर संजय साहू ने मिठाई खिलाकर शुभकामनाएं दीं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
ग्रामवासियों ने कहा कि दिव्यांश साहू ने साबित कर दिया है कि मेहनत और लगन से हर लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। उनकी सफलता से अन्य विद्यार्थियों को भी प्रेरणा मिलेगी।