भिलाई। छत्तीसगढ़ स्वामी विवेकानंद तकनीकी विश्वविद्यालय (सीएसवीटीयू) भिलाई के तत्वावधान में आयोजित एकीकृत राज्यस्तरीय खेल प्रतियोगिता के अंतर्गत राज्यस्तरीय व्हॉलीबॉल स्पर्धा का आयोजन शासकीय पॉलिटेक्निक महाविद्यालय, अंबिकापुर में हुआ। यह प्रतियोगिता 13 से 15 अक्टूबर तक चली जिसमें 22 पुरुष टीम और 9 महिला टीम राज्य के विभिन्न तकनीकी महाविद्यालयों से भाग लिये।
विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. अरूण अरोरा ने विजेता व प्रतिभागी टीमों को शुभकामनाएं देते हुए बताया -“तकनीकी शिक्षा के साथ खेलकूद का समावेश युवाओं में टीम स्पिरिट, एकाग्रता और नेतृत्व क्षमता विकसित करता है। सीएसवीटीयू का यह प्रयास विद्यार्थियों को सर्वांगीण विकास का मंच प्रदान कर रहा है।”
आयोजन के नोडल संस्थान शासकीय पॉलिटेक्निक महाविद्यालय अंबिकापुर के प्राचार्य प्रोफे. आर जे पाण्डेय ने विजेता टीमों को पुरस्कृत करते हुए कहा कि, “हमारे लिए गौरव की बात है कि सीएसवीटीयू ने राज्यस्तरीय प्रतियोगिता के आयोजन की जिम्मेदारी हमारे महाविद्यालय को सौंपी थी। इस आयोजन से विद्यार्थियों को खेल भावना, आत्मविश्वास और नेतृत्व के गुण विकसित करने का अवसर मिला।
विश्वविद्यालय खेल निदेशक किशोर कुमार भारद्वाज ने विजेता,उपविजेता व प्रतिभागियों को सफल आयोजन की शुभकामनाएं देते हुए बताया खेल केवल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि जीवन जीने की कला सिखाते हैं। व्हॉलीबॉल जैसे टीम गेम से विद्यार्थियों में सहयोग और सामंजस्य की भावना मजबूत होती है।”
तीन दिवसीय इस प्रतियोगिता में राज्यभर से आए तकनीकी व फार्मेसी संस्थानों की टीमें आपसी प्रतिस्पर्धा में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया। रोमांचक मुकाबलों के बाद महिला वर्ग में प्रथम स्थान पर उदय प्रसाद उदय शासकीय पॉलीटेक्निक महाविद्यालय दुर्ग व द्वितीय स्थान पर शासकीय इंजीनियरिंग महाविद्यालय रायपुर रही वहीं पुरूष वर्ग में प्रथम स्थान पर बीआईटी महाविद्यालय दुर्ग व द्वितीय स्थान पर रूंगटा फार्मेसी महाविद्यालय भिलाई आर 1 रही। विजेता टीमों को आयोजन समिति की ओर से प्राचार्य प्रोफे. आर जे पाण्डेय ने ट्राफी देकर सम्मानित किया। वहीं कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के प्रतिनिधित्व के लिए विवि टीम का चयन किया गया है , जो आगामी अखिल भारतीय व पूर्वी क्षेत्र के अंतर-विश्वविद्यालय प्रतियोगिताओं में सीएसवीटीयू का नाम रोशन करेंगी।
विश्वविद्यालय टीम हेतु –
महिला वर्ग- मिताली ठाकुर उप्रउ शास. पॉली. महा. दुर्ग, सीमा मुचाकी जीईसी रायपुर, रितिका जांगड़े वीईसी अंबिकापुर, आरती सिंह उप्रउ शास. पॉली. महा. दुर्ग, इक्षा सिंह बीआईटी दुर्ग, तोषनी साहू बीआईटी दुर्ग।
पुरूष वर्ग – सुमित राव एसएसआईपीएमटी रायपुर,केतन पांडेय आरसीपीएसआर रायपुर, अनशुमान प्रधान शास. पॉलीटेक्निक अंबिकापुर, यश सिंह बीआईटी दुर्ग, गौरव सिंह एलसीआईटी फार्मेसी बिलासपुर, राज देवांगन बीआईटी दुर्ग, दक्ष कुमार सीजीआईटी जगदलपुर, नितिन आनंद एसएसआईपीएमटी रायपुर,गौरव नायक आरसीईटी भिलाई, अमित राव एसएसआईपीएमटी रायपुर, दुष्यंत साहू बीआईटी दुर्ग, उमंग कुमार आरसीईटी भिलाई का चयन किया गया है।
कार्यक्रम में विभिन्न महाविद्यालयों के खेल अधिकारी, प्रशिक्षक, विद्यार्थी तथा बड़ी संख्या में दर्शक उपस्थित रहेंगे। समापन दिवस पर पूरे मैदान में उत्साह और खेल भावना का माहौल देखने को मिला।







