रैंप योजना अंतर्गत ईडीपी लीप प्रशिक्षण का समापन : चॉइस कंसल्टेंसी सर्विसेज ने महिलाओं को दिए आत्मनिर्भरता के गुर

खैरागढ़।केंद्र सरकार की रैंप योजना के अंतर्गत जिले खैरागढ़ की ग्राम पंचायत पैलीमेटा में उद्यमिता विकास प्रशिक्षण कार्यक्रम (ईडीपी लीप) का सफल समापन हुआ। यह प्रशिक्षण सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्रालय तथा राज्य शासन की उद्यमिता प्रोत्साहन पहलों के तहत सीएसआईडीसी रायपुर के बैनर तले चॉइस कंसल्टेंसी सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड द्वारा आयोजित किया गया। 5 जून से 18 जून 2026 तक आयोजित इस प्रशिक्षण का उद्देश्य स्थानीय संसाधनों पर आधारित उद्योगों को बढ़ावा देना, स्वरोजगार के अवसर सृजित करना तथा प्रतिभागियों को व्यवहारिक एवं तकनीकी जानकारी प्रदान करना रहा। इस प्रशिक्षण में 35 महिला प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को व्यवसाय योजना, एमएसएमई योजनाएं, वित्तीय प्रबंधन, ऋण सुविधाओं एवं स्वरोजगार के विभिन्न अवसरों की जानकारी दी गई। महिलाओं ने अचार, बड़ी, पापड़ तथा पारंपरिक छत्तीसगढ़ी खाद्य उत्पादों के निर्माण जैसे लघु उद्यमों में विशेष रुचि दिखाई।


समापन अवसर पर विशेष अतिथि के रूप में फूड टेक्नोलॉजिस्ट सूर्यांश ताम्रकार ने उद्यम स्थापित करने एवं उसे सफलतापूर्वक संचालित करने के महत्वपूर्ण पहलुओं पर मार्गदर्शन दिया। उन्होंने महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने तथा उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग कर स्वरोजगार अपनाने के लिए प्रेरित किया।
प्रतिभागियों ने प्रशिक्षण को उपयोगी एवं प्रेरणादायक बताते हुए भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रम आयोजित करने तथा अधिक प्रायोगिक सत्र शामिल करने की मांग की। कार्यक्रम के सफल आयोजन में बीपीएम दीनानाथ लिल्हारे, बीपीएम नरेश कोमरे, ऐसी फिरदौस खान एवं पीआरपी मालती साहू का विशेष योगदान रहा। अंत में चॉइस कंसल्टेंसी सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड की ओर से सभी प्रतिभागियों, अतिथियों एवं सहयोगकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया गया।