पाटन। शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने सोमवार को अचानक स्वामी आत्मानंद हायर सेकेंडरी स्कूल सेलूद का दौरा किया। मंत्री के अचानक स्कूल पहुंचने से विद्यार्थियों और स्कूल स्टाफ में उत्साह का माहौल रहा।

दौरे के दौरान शिक्षा मंत्री ने विद्यार्थियों से बातचीत कर पढ़ाई और स्कूल की व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने शिक्षकों और स्टाफ से भी स्कूल में उपलब्ध सुविधाओं तथा आवश्यकताओं को लेकर चर्चा की।

मंत्री गजेंद्र यादव ने मिडिल स्कूल सेलूद में शौचालय निर्माण कराए जाने की जानकारी दी। वहीं हायर सेकेंडरी स्कूल परिसर में विद्यार्थियों की सुविधा के लिए साइकिल स्टैंड और खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए वॉलीबॉल मैदान बनाने की घोषणा की।

इस दौरान शिक्षा मंत्री ने ग्रामीणों से भी स्कूल की व्यवस्थाओं और विद्यार्थियों से जुड़ी समस्याओं के बारे में चर्चा की। अचानक किए गए निरीक्षण को शिक्षा व्यवस्था को जमीनी स्तर पर समझने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।






