पाटन। स्कूली शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव सोमवार को दुर्ग जिले के पाटन विकासखंड अंतर्गत ग्राम तर्रीघाट स्थित शासकीय हाई एवं हायर सेकेंडरी स्कूल पहुंचे। उन्होंने विद्यालय परिसर का निरीक्षण कर शिक्षकों एवं विद्यार्थियों से संवाद किया तथा स्कूल में संचालित शैक्षणिक गतिविधियों, विद्यार्थियों की उपस्थिति, पाठ्यक्रम की प्रगति एवं विद्यालय की आवश्यकताओं की जानकारी ली।

शिक्षा मंत्री श्री यादव ने विद्यार्थियों से सीधे संवाद करते हुए उनकी पढ़ाई, रुचि, पसंदीदा विषय और भविष्य के लक्ष्य के बारे में जानकारी ली। उन्होंने बच्चों को नियमित रूप से स्कूल आने, अनुशासन का पालन करने और मन लगाकर पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि मजबूत एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा ही विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की सबसे मजबूत नींव है।

शिक्षकों को दिए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पर जोर देने के निर्देश

विद्यालय निरीक्षण के दौरान शिक्षा मंत्री ने शिक्षकों से कहा कि बच्चों की शिक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए पूरी गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करें। उन्होंने विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने, पाठ्यक्रम समय पर पूरा करने तथा प्रत्येक विद्यार्थी की शैक्षणिक प्रगति पर निरंतर ध्यान देने के निर्देश दिए।
उन्होंने शिक्षा के साथ-साथ खेलकूद, सांस्कृतिक एवं अन्य रचनात्मक गतिविधियों में विद्यार्थियों की भागीदारी बढ़ाने पर भी जोर दिया, ताकि बच्चों का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित हो सके।
विद्यार्थियों ने रखी अपनी मांगें
विद्यालय में विद्यार्थियों ने शिक्षा मंत्री से खुलकर संवाद किया और स्कूल से जुड़ी अपनी आवश्यकताओं एवं समस्याओं से अवगत कराया। विद्यार्थियों ने प्रार्थना स्थल पर डोमशेड निर्माण तथा विज्ञान कक्षा के लिए आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराने की मांग रखी।
शिक्षा मंत्री ने विद्यार्थियों की बातों को गंभीरता से सुना और उनकी आवश्यकताओं को प्राथमिकता से पूरा करने के लिए आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने बच्चों से पढ़ाई में आने वाली कठिनाइयों के बारे में भी जानकारी ली और कहा कि वे अपने लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर मेहनत करें।
उन्होंने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि नियमित अध्ययन, अनुशासन और मेहनत के माध्यम से हर विद्यार्थी अपने सपनों को साकार कर सकता है।
व्यक्तित्व विकास पर भी दिया जोर
शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार शासकीय विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण एवं सर्वसुलभ शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रभावी कदम उठा रही है। उन्होंने कहा कि स्कूल केवल पढ़ाई का स्थान नहीं, बल्कि बच्चों के व्यक्तित्व निर्माण और उनके सपनों को दिशा देने का महत्वपूर्ण केंद्र है।
निरीक्षण के दौरान मंत्री ने विद्यालय की विभिन्न गतिविधियों की जानकारी लेते हुए शिक्षकों से शिक्षा के साथ विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास पर भी विशेष ध्यान देने कहा।
इस अवसर पर प्रभारी प्राचार्य रमेश साहू, श्वेता मैम, निशिकांत सर, मनीष सर, सोनाली मैम, राखी मैम, अनिता मैम, हेमलता मैम, ओमभारती मैम, उर्वशी मैम सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।






