5 माह से वृद्धा पेंशन नहीं मिलने से बुजुर्ग परेशान, सरपंच दिग्विजय सिन्हा ने की भुगतान की मांग

अंडा। अंडा क्षेत्र में वृद्धा पेंशन योजना के हितग्राहियों को पिछले लगभग 5 माह से पेंशन राशि का भुगतान नहीं होने के कारण बुजुर्ग नागरिकों को आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। पेंशन पर निर्भर वृद्धजन अपनी दैनिक आवश्यकताओं, दवाइयों एवं अन्य जरूरी खर्चों को पूरा करने में परेशानी महसूस कर रहे हैं।
इस संबंध में सरपंच दिग्विजय सिन्हा ने कहा कि वृद्धा पेंशन जैसी महत्वपूर्ण सामाजिक सुरक्षा योजना में लापरवाही चिंताजनक है। उन्होंने बताया कि लंबे समय से पेंशन का भुगतान नहीं होने के कारण क्षेत्र के बुजुर्गों में शासन एवं प्रशासन के प्रति नाराजगी बढ़ रही है। वृद्धजन अपने जीवनयापन के लिए इस राशि पर निर्भर रहते हैं, ऐसे में भुगतान में देरी उनके लिए बड़ी समस्या बन गई है।
सरपंच दिग्विजय सिन्हा ने शासन-प्रशासन से मांग की है कि सभी पात्र हितग्राहियों की लंबित पेंशन राशि का शीघ्र भुगतान सुनिश्चित किया जाए। साथ ही भविष्य में पेंशन का नियमित एवं समय पर भुगतान करने की व्यवस्था बनाई जाए, ताकि बुजुर्ग नागरिकों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
क्षेत्र के वृद्धजनों ने भी जल्द से जल्द पेंशन राशि जारी करने की मांग करते हुए कहा कि समय पर पेंशन मिलने से उनकी आर्थिक स्थिति को सहारा मिलता है और दैनिक जरूरतों को पूरा करने में सुविधा होती है।