पाटन। अमलेश्वर में बिजली कंपनी द्वारा विद्युत सुरक्षा को लेकर विशेष कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में बिजली कंपनी के अधिकारियों, कर्मचारियों, संविदा स्टाफ, आउटसोर्स कर्मचारियों तथा बिजली कंपनी के ठेकेदारों के कर्मचारियों ने भाग लिया। इस दौरान कार्यस्थल पर सुरक्षा मानकों का पालन करने और किसी भी प्रकार की लापरवाही से बचने की सलाह दी गई।

कार्यशाला में कार्यपालन अभियंता बीपी दीपक ने कर्मचारियों को विद्युत कार्य के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि बिजली से संबंधित कार्य बेहद जोखिमपूर्ण होता है, इसलिए काम शुरू करने से पहले सुरक्षा व्यवस्था की पूरी तरह जांच करना जरूरी है। लाइन में काम करने से पहले संबंधित लाइन को बंद कराना, लाइन के डी-एनर्जाइज होने की पुष्टि करना तथा आवश्यक सुरक्षा उपकरणों का उपयोग करना अनिवार्य रूप से सुनिश्चित किया जाए।

उन्होंने कर्मचारियों को हेलमेट, सेफ्टी बेल्ट, दस्ताने, सुरक्षा जूते सहित अन्य आवश्यक सुरक्षा उपकरणों का इस्तेमाल करने की सलाह दी। साथ ही ऊंचाई पर काम करते समय अतिरिक्त सावधानी बरतने और बिना सुरक्षा उपकरण के विद्युत पोल अथवा लाइन पर कार्य नहीं करने की बात कही।

कार्यशाला में ईई धर्मेंद्र देवांगन एवं जेई मनीष आडील सहित बिजली कंपनी के अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने कर्मचारियों को विद्युत दुर्घटनाओं से बचाव, कार्यस्थल पर सुरक्षा व्यवस्था, लाइन में काम करने से पहले अपनाई जाने वाली प्रक्रिया तथा आपात स्थिति में किए जाने वाले उपायों के संबंध में जानकारी दी।
गौरतलब है कि दो दिन पहले ही एलटी लाइन में कार्य के दौरान एक संविदा कर्मचारी की करंट की चपेट में आने से मौत हो गई थी। इस घटना के बाद विद्युत कार्यों में सुरक्षा को लेकर एक बार फिर गंभीरता से ध्यान दिया जा रहा है। कार्यशाला में अधिकारियों ने कर्मचारियों से कहा कि काम की जल्दबाजी में सुरक्षा नियमों की अनदेखी न करें, क्योंकि थोड़ी सी लापरवाही भी जानलेवा साबित हो सकती है।
कार्यशाला के माध्यम से बिजली कंपनी ने नियमित कर्मचारियों के साथ-साथ संविदा, आउटसोर्स और ठेका कर्मचारियों को भी सुरक्षा नियमों का सख्ती से पालन करने के लिए जागरूक किया। अधिकारियों ने कहा कि विद्युत कार्य में सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और प्रत्येक कर्मचारी की जिम्मेदारी है कि वह स्वयं की सुरक्षा के साथ अपने साथ काम करने वाले कर्मचारियों की सुरक्षा का भी ध्यान रखे।





