पाटन। ग्राम पंचायत सेलूद में बिजली विभाग द्वारा बिजली कनेक्शन काट दिए जाने से पंचायत का कामकाज प्रभावित हो गया है। बिजली नहीं होने के कारण कंप्यूटर और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बंद पड़े हैं, जिससे पंचायत में काम कराने पहुंच रहे ग्रामीणों को बिना काम हुए ही वापस लौटना पड़ रहा है।बताया गया है कि वर्तमान समय में पंचायत से संबंधित अधिकांश कार्य ऑनलाइन एवं कंप्यूटर के माध्यम से किए जाते हैं। ऐसे में बिजली आपूर्ति बाधित होने से जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, विभिन्न दस्तावेजों सहित अन्य पंचायत संबंधी कार्य प्रभावित हो रहे हैं। बिजली विभाग की ओर से पंचायत को दी गई जानकारी के अनुसार, पंचायत द्वारा बिजली बिल का अंतिम भुगतान 11 अप्रैल 2017 को किया गया था। इसके बाद भुगतान नहीं किए जाने के कारण बिजली कनेक्शन काटने की कार्रवाई किए जाने की बात कही गई है। बताया जा रहा है कि यह स्थिति केवल सेलूद ग्राम पंचायत तक सीमित नहीं है, बल्कि आसपास की कई ग्राम पंचायतों के बिजली कनेक्शन भी बकाया भुगतान के चलते काटे गए हैं। पंचायतों में बिजली आपूर्ति बहाल नहीं होने से ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। अब पंचायतों और बिजली विभाग के बीच बकाया भुगतान को लेकर समाधान की जरूरत है, ताकि पंचायतों का नियमित कामकाज दोबारा सुचारू हो सके।







