जशपुर : शुक्रवार को भाजपा की जिला कार्यकारिणी की बैठक हुई। इसमें संगठन से संबंधित गतिविधियों की समीक्षा के साथ आने वाले दिनों में कार्यक्रमों आयाेजित करने पर चर्चा की। इसमें सांसद गोमती साय, पूर्व प्रदेश महामंत्री कृष्ण कुमार राय और जिला संगठन प्रभारी रामकिशुन सिंह के साथ पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए।

जिलाध्यक्ष सुनील गुप्ता ने कहा कि राष्ट्रीय और प्रदेश आलाकमान द्वारा संगठन को लेकर दिए गए सभी कार्यक्रमों को लागू करने के लिए गंभीरता से काम करना है। जिला से लेकर शक्ति केन्द्र स्तर तक संगठन को सक्रिय करना है। संगठन के कार्यक्रमों को लेकर कुछ मंडलों में बरती जा रही सुस्ती पर असंतोष जताया। साथ ही कहा कि संगठन का काम सामूहिक जिम्मेदारी का काम है।
इसे किसी एक पदाधिकारी के भरोसे नहीं किया जा सकता है। हम सबको को अपनी जिम्मेदारी समझनी होगी। पार्टी के पूर्व प्रदेश महामंत्री कृष्ण कुमार राय ने कहा कि किसी भी चुनाव में जीत हासिल करने में बूथ स्तरीय कार्यकर्ताओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण होती है। विधानसभा चुनाव की तैयारी पूरी करने के लिए मात्र 3 से 4 माह का समय ही शेष रह गया है। इसलिए हम सबको, बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने की दिशा में बहुत तेजी से काम करना होगा।
बैठक में पूर्व प्रदेश महामंत्री कृष्ण कुमार राय, जिला संगठन प्रभारी रामकिशुन सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष रायमुनी भगत, पूर्व विधायक राजशरण भगत, जिला महामंत्री भरत सिंह, नगर पालिका अध्यक्ष नरेश साय, जिपं उपाध्यक्ष उपेन्द्र यादव, नपा उपाध्यक्ष राजू गुप्ता, जिला उपाध्यक्ष सत्येंद्र सिंह, शंकर गुप्ता, पुरुषोत्तम सिंह ठाकुर, जिला प्रवक्ता ओमप्रकाश सिन्हा, जिला मंत्री राजकपूर भगत आदि उपस्थित रहे।
सांसद गोमती साय ने कहा कि चुनाव जीतने के लिए बूथ स्तर पर ठोस रणनीति तैयार करने की जरूरत होती है। 2018 के विधानसभा चुनाव का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि कुनकुरी विधानसभा क्षेत्र के फरसाबहार क्षेत्र में भाजपा ने 14 बूथों को छोड़कर शेष सभी कांग्रेस से बढ़त हासिल किया था।
हमें इस बात पर चिंता करना चाहिए कि आखिर इन 14 बूथों पर हम क्यों पिछड़े? सांसद ने कहा कि बूथ और मंडल स्तर पर होने वाले सभी कार्यक्रमों व बैठकों में कार्यकर्ताओं के साथ स्थानीय समाज प्रमुखों को आवश्यक रूप में शामिल करना चाहिए। इससे लोगों का पार्टी से जुड़ाव होगा। अगर खानापूर्ति के लिहाज से बैठक किया जाएगा, तो इससे अपेक्षित परिणाम प्राप्त नहीं होगा। बैठक का संचालन जिला महामंत्री मुकेश शर्मा ने किया,
रिपोर्टर : चंद्रभान यादव






