सरकार के खिलाफ कर्मचारियों ने खोला मोर्चा, 27 सितंबर को चार सूत्रीय मांगो को लेकर काम बंद कलम बंद हड़ताल

पाटन। कर्मचारी अधिकारी महासंघ के आह्वान पर 27 सितम्बर को काम बंद कलम बंद एक दिवसीय आंदोलन किया जाएगा । आंदोलन की तैयारी को लेकर कर्मचारी संगठन द्वारा अनुविभागीय पत्रकार संघ पाटन कार्यालय में गुरुवार को पत्रकारवार्ता आयोजित किया गया। कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन के सदस्यों ने अपनी मांगों के संबंध में बताते हुए कहा कि भाजपा घोषणा पत्र अनुसार प्रदेश के कर्मचारियों को केंद्र के समान 1 जनवरी 24 से 4 प्रतिशत महंगाई भत्ता दिया जाए।

साथ ही प्रदेश के कर्मचारियों को जुलाई 2019 से देय तिथि पर महंगाई भत्तों के एरियर्स राशि का समायोजन जीपीएफ खाते में किया जाए। भाजपा घोषणा पत्र अनुसार प्रदेश के शासकीय सेवकों को चार स्तरीय समयमान वेतनमान दिया जाए।
केंद्र के समान गृह भाडा भत्ता दिया जाए साथ ही मध्यप्रदेश सरकार की भांति प्रदेश के शासकीय सेवकों को अर्जित अवकाश नगदीकरण 240 दिन के स्थान पर 300 दिन किया जाए।

आंदोलन के विषय मे बताया कि शुक्रवार को काम बंद कलम बंद आंदोलन में कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन के अंतर्गत आने वाले 112 संगठन के कर्मचारियों द्वारा हड़ताल किया जायेगा।
ब्लॉक मुख्यालय पाटन में जनपद पंचायत के सामने कर्मचारियों द्वारा एक दिवसीय प्रदर्शन के बाद दोपहर 3 बजे मुख्यमंत्री के नाम एसडीएम पाटन को ज्ञापन सौंपेंगे। मांग पूरी नहीं होने पर कर्मचारी अनिश्चित कालीन आंदोलन करने बाध्य होंगे।

कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन पाटन ब्लॉक के संयोजक महेंद्र साहू ने सभी विभाग के कर्मचारियों से अपील की है कि अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर धरना प्रदर्शन को सफल बनावें ।
प्रेस वार्ता में महेंद्र साहू संयोजक कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन पाटन ब्लॉक,यशवंत आडिल प्रदेश मंत्री पंचायत सचिव संघ,जैनेंद्र गंजीर सचिव कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन,हीरासिंह वर्मा अध्यक्ष छग पेंशनर समाज , सहित अन्य उपस्थित थे।