महुदा में सेवा संकल्प अभियान के तहत हुआ आंगन मिलन समारोह….सशक्त महिलाएं और संस्कारवान बच्चे ही समृद्ध समाज की पहचान : कीर्ति नायक

पाटन। मातृशक्ति के सम्मान, बच्चों के उज्ज्वल भविष्य और ग्रामीण समाज में जागरूकता को नई दिशा देने के उद्देश्य से ग्राम पंचायत महुदा में सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आंगन मिलन समारोह का आयोजन किया गया। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक संचालित इस अभियान के तहत महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा आयोजित कार्यक्रम में जनपद पंचायत पाटन की अध्यक्ष श्रीमती कीर्ति नायक मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। उनकी गरिमामयी उपस्थिति में आयोजित समारोह में पारंपरिक संस्कारों, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और मनोरंजक गतिविधियों के माध्यम से महिला सशक्तीकरण, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य तथा बाल विकास का प्रेरक संदेश दिया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जनपद अध्यक्ष श्रीमती कीर्ति नायक ने कहा कि “महिलाएं परिवार की शक्ति और समाज की मजबूत आधारशिला हैं। जब महिलाएं जागरूक, आत्मनिर्भर और सशक्त बनेंगी, तभी परिवार खुशहाल होगा और समाज विकास की दिशा में आगे बढ़ेगा। बच्चों को बेहतर पोषण, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और अच्छे संस्कार देना हम सभी का महत्वपूर्ण दायित्व है।”

उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्र ग्रामीण क्षेत्रों में मातृ एवं शिशु कल्याण की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। यहां बच्चों के पोषण और प्रारंभिक शिक्षा के साथ महिलाओं एवं बच्चों के स्वास्थ्य तथा सुरक्षित भविष्य की नींव भी मजबूत की जाती है। शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का पूरा लाभ तभी सुनिश्चित होगा, जब ग्रामीण क्षेत्र की प्रत्येक महिला, गर्भवती माता और पात्र परिवार इन योजनाओं की जानकारी लेकर उनका लाभ उठाएंगे।

श्रीमती नायक ने कहा कि आज महिलाएं अपनी मेहनत, प्रतिभा और आत्मविश्वास के दम पर हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं। समाज को भी उनकी क्षमताओं को पहचानकर उन्हें आगे बढ़ने के पर्याप्त अवसर देने चाहिए। उन्होंने माताओं से बच्चों के पोषण, स्वच्छता, स्वास्थ्य एवं संस्कारों पर विशेष ध्यान देने की अपील करते हुए कहा कि आज के बच्चे ही कल के भारत की तस्वीर तय करेंगे। स्वस्थ शरीर, मजबूत व्यक्तित्व और सकारात्मक संस्कारों से ही विकसित भारत के संकल्प को साकार किया जा सकता है।

उन्होंने आंगन मिलन जैसे आयोजनों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम ग्रामीण महिलाओं और बच्चों को एक साथ जोड़ने के साथ-साथ सामाजिक सहभागिता, पारिवारिक संस्कार और आपसी एकता को भी मजबूत करते हैं। महिलाओं और बच्चों की उत्साहपूर्ण भागीदारी को देखकर उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त की तथा कार्यक्रम को सफल बनाने में जुटे महिला एवं बाल विकास विभाग के मैदानी अमले एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के प्रयासों की सराहना की।

पारंपरिक संस्कारों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां

समारोह के दौरान गर्भवती माताओं की पारंपरिक विधि-विधान से गोद भराई कराई गई तथा नन्हे बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार संपन्न हुआ। इन संस्कारों के माध्यम से मातृत्व के सम्मान और शिशुओं के स्वस्थ जीवन की मंगलकामना की गई। वहीं बच्चों ने मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से उपस्थित अतिथियों और ग्रामीणों का मन मोह लिया। महिलाओं एवं बच्चों के लिए आयोजित विभिन्न खेलकूद प्रतियोगिताओं ने पूरे कार्यक्रम में उत्साह और उमंग का माहौल बना दिया। इस दौरान प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए सम्मान भी किया गया।

महिलाओं की सक्रिय सहभागिता से सफल हुआ आयोजन

महुदा में आयोजित इस आंगन मिलन समारोह में ग्राम की महिलाओं, माताओं, बच्चों एवं लाभार्थियों ने बड़ी संख्या में सहभागिता की। जनप्रतिनिधियों, पंचायत प्रतिनिधियों और विभागीय अमले की उपस्थिति ने कार्यक्रम को गरिमा प्रदान की। सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से ग्रामीण अंचल में महिला सम्मान, पोषण जागरूकता और बच्चों के सर्वांगीण विकास का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का सार्थक प्रयास किया गया।

सेवा, सम्मान और संस्कार के संदेश के साथ संपन्न हुआ समारोह

महुदा का आंगन मिलन समारोह केवल एक विभागीय आयोजन तक सीमित नहीं रहा, बल्कि यह मातृशक्ति के सम्मान, बच्चों की प्रतिभा को प्रोत्साहन और ग्रामीण समाज में जागरूकता बढ़ाने का प्रभावी मंच बना। महिलाओं और बच्चों की उत्साहपूर्ण भागीदारी ने आयोजन को यादगार बना दिया। सेवा संकल्प अभियान की भावना के अनुरूप कार्यक्रम ने स्वस्थ परिवार, सशक्त महिला और संस्कारवान पीढ़ी के निर्माण का सकारात्मक संदेश दिया।“सशक्त महिलाएं और संस्कारवान बच्चे ही समृद्ध समाज की पहचान”
श्रीमती कीर्ति नायक अध्यक्ष जनपद पंचायत पाटन, श्रीमती तृप्ति चंद्राकर महिला मोर्चा भाजपा जिला अध्यक्ष दुर्ग,श्रीमती मधु कांता साहू, भाजपा महिला मंडल अध्यक्ष, श्रीमती दामिनी साहू जनपद सदस्य पाटन अमृतसर मंडल से हाल्डरमैन एवं भाजपा महिला पदाधिकारी गण की उपस्थिति में संपन्न हुई।