मोतीपुर में अतिक्रमण का मामला, सरपंच और ग्रामीणों ने कहा शासन तत्काल अतिक्रमण हटाए, सुशासन तिहार में दिए थे आवेदन

पाटन। सुशासन तिहार के दौरान ग्रामवासियों द्वारा ग्राम के सार्वजनिक स्थल बेलबारी, जो कि शासकीय भूमि है, पर अवैध कब्जे की गंभीर शिकायत प्रस्तुत की गई थी। शिकायत में उल्लेख किया गया कि उक्त सार्वजनिक भूमि पर  कुछ लोगों के  द्वारा आपसी बंटवारा कर बाउंड्रीवाल निर्माण करते हुए कब्जा कर लिया गया है। यह स्थल ग्राम का प्राचीन सार्वजनिक कार्यक्रम स्थल रहा है, जहाँ वर्षों से सामूहिक सामाजिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होते रहे हैं। ग्रामीणों के शिकायत के पश्चात पटवारी द्वारा मौके का निरीक्षण किया गया, जिसमें शासकीय भूमि पर कब्जा पाया गया। निरीक्षण उपरांत पटवारी द्वारा कब्जे की पुष्टि करते हुए रिपोर्ट राजस्व कार्यालय को प्रेषित की गई। उक्त रिपोर्ट के आधार पर राजस्व न्यायालय, तहसीलदार पाटन में प्रकरण  दर्ज किया गया तथा अनावेदकगण को उपस्थित होने हेतु विधिवत आहुत (नोटिस जारी) किया गया।
प्रकरण की सुनवाई के दौरान अनावेदकगण की अनुपस्थिति के कारण मामला पूर्ववत रखा गया। उल्लेखनीय है कि दिनांक 20/08/2025 से लेकर आज दिनांक तक प्रकरण में कोई ठोस कार्यवाही नहीं की गई है, जिससे ग्रामवासियों में असंतोष एवं आक्रोश की स्थिति बनी हुई है।
ग्रामवासियों का कहना है कि शासकीय भूमि पर अवैध कब्जा स्पष्ट रूप से राजस्व नियमों का उल्लंघन है तथा प्रशासनिक निष्क्रियता के कारण सार्वजनिक हित प्रभावित हो रहा है। ग्रामीणों ने मांग की है कि प्रकरण में शीघ्र निर्णय लेकर अवैध कब्जा हटाया जाए एवं सार्वजनिक भूमि को ग्राम समाज के उपयोग हेतु पुनः सुरक्षित किया जाए।
अब यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि राजस्व प्रशासन कब तक इस लंबित प्रकरण में प्रभावी कार्यवाही कर ग्रामवासियों को न्याय प्रदान करता है।