सीएम हेल्पलाइन में शिकायत के बाद प्रशासन ने दिए कार्रवाई के निर्देश, पहले भी तय हुई थी अतिक्रमण हटाने की तारीख, लेकिन मौके पर नहीं पहुंचे थे अधिकारी

कुम्हारी। कुम्हारी क्षेत्र के ग्राम कपसदा में शासकीय भूमि पर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई आज प्रस्तावित है। अतिक्रमण हटाने के दौरान किसी प्रकार की विवाद की स्थिति निर्मित न हो और गांव में शांति एवं कानून व्यवस्था बनी रहे, इसके लिए तहसीलदार ने पुलिस विभाग को पत्र लिखकर सुरक्षा व्यवस्था उपलब्ध कराने की मांग की है।
मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम कपसदा में अतिक्रमण को लेकर आवेदक प्रेमलाल तिवारी द्वारा शिकायत की गई थी। मामले में सीएम हेल्पलाइन में शिकायत दर्ज होने के बाद प्रशासन की ओर से कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। इसके बाद अब राजस्व विभाग और ग्राम पंचायत द्वारा अतिक्रमण हटाने की तैयारी की जा रही है।

बताया जा रहा है कि इससे पहले भी तहसीलदार द्वारा अतिक्रमण हटाने के लिए ग्रामीणों को समय दिया गया था और कार्रवाई की तिथि निर्धारित की गई थी। लेकिन निर्धारित दिन तहसीलदार और पुलिस प्रशासन मौके पर नहीं पहुंचे, जिसके चलते अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई नहीं हो सकी।
अब एक बार फिर प्रशासन ने कार्रवाई की तैयारी की है। तहसीलदार द्वारा पुलिस को पत्र लिखे जाने के बाद आज होने वाली कार्रवाई पर सबकी नजरें टिकी हुई हैं।
अब देखना यह होगा कि आज प्रशासन और ग्राम पंचायत संयुक्त रूप से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई कर पाते हैं या एक बार फिर मामला टल जाता है।






