पाटन। पाटन विकासखंड के ग्राम अकतई रिवागहन चार भाटा स्थित शासकीय उचित मूल्य दुकान में चांवल का स्टॉक पहुंचने के बावजूद ग्रामीण हितग्राहियों को अब तक राशन नहीं मिल पाया है। सर्वर की समस्या के कारण दुकान की ई-पॉस मशीन बंद पड़ी हुई है, जिससे वितरण कार्य ठप हो गया है।
जानकारी के अनुसार, चांवल की कमी को लेकर ग्रामीणों द्वारा कलेक्टर एवं एसडीएम से शिकायत की गई थी, जिसके बाद राशन दुकान में चांवल तो पहुंच गया, लेकिन तकनीकी समस्या के चलते वितरण शुरू नहीं हो सका।
राशन लेने आए हितग्राही सुबह से दुकान के सामने बैठे हुए हैं और सर्वर चालू होने का इंतजार कर रहे हैं। वहीं राशन दुकान संचालक भी दुकान में मौजूद है, लेकिन मशीन में नेटवर्क न होने के कारण चांवल वितरण नहीं कर पा रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि बार-बार ऐसी तकनीकी समस्याओं के चलते उन्हें परेशान होना पड़ता है। हितग्राहियों ने प्रशासन से शीघ्र सर्वर समस्या का समाधान कराकर चांवल वितरण शुरू कराने की मांग की है।







