पंडरिया-l।ब्लाक में स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कोड़ापुरी में संविधान दिवस एवं 26/11 मुंबई आतंकी हमले की बरसी पर विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ संविधान निर्माता भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर तिलक एवं पुष्पहार अर्पित कर किया गया।इस अवसर पर कक्षा 12वीं की छात्रा दीपा साहू ने डॉ. अंबेडकर के जीवन, संघर्ष एवं संविधान निर्माण में उनके योगदान पर आधारित कविता प्रस्तुत की।विद्यालय के प्राचार्य बसंत कुमार डोरे ने अपने उद्बोधन में भारतीय संविधान की निर्माण प्रक्रिया, इसकी प्रस्तावना, विशेषताओं एवं लोकतांत्रिक व्यवस्था पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि भारतीय संविधान प्रत्येक नागरिक को न्याय, स्वतंत्रता, समानता एवं बंधुत्व का अधिकार और विश्वास प्रदान करता है। वरिष्ठ व्याख्याता वीरेन्द्र कुमार चंद्राकर ने संविधान दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए 26/11 मुंबई आतंकी हमले की दर्दनाक घटना का स्मरण करते हुए बताया कि आतंकवाद मानवता और राष्ट्र की एकता के लिए गंभीर चुनौती है। इस अवसर पर उन्होंने मुंबई आतंकी हमले में शहीद हुए वीर सैनिकों, पुलिसकर्मियों एवं सुरक्षाकर्मियों को भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके साहस, शौर्य और सर्वोच्च बलिदान को नमन किया।तथा इस हमले में शहीद हुए वीर जवानों एवं सुरक्षाकर्मियों को भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की।
इसी क्रम में प्रमोद बर्मन ने विद्यार्थियों को संविधान के मौलिक अधिकारों एवं 11 मौलिक कर्तव्यों की जानकारी देते हुए अपने अधिकारों के साथ कर्तव्यों के प्रति भी सजग रहने का संदेश दिया।
कार्यक्रम के अंत में प्राचार्य के मार्गदर्शन में उपस्थित समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं छात्र-छात्राओं ने भारतीय संविधान की उद्देशिका (प्रस्तावना) का सामूहिक वाचन एवं शपथ लिया। सभी ने भारत को संपूर्ण प्रभुत्व-संपन्न, समाजवादी, पंथनिरपेक्ष, लोकतंत्रात्मक गणराज्य बनाने तथा न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुता के आदर्शों को बनाए रखने के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।कार्यक्रम में उपस्थित समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं ने विद्यार्थियों को संविधान दिवस की बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। विद्यार्थियों ने भी उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई।







