हर दिन हर घर आयुर्वेद, सातवाँ राष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस, समग्र स्वास्थ्य के लिए अपनाएं आयुर्वेद – डाॅ विश्वकर्मा

आशीष दास

कोंडागांव/बोरगांव । आयुष मंत्रालय द्वारा प्रतिवर्ष धन्वंतरी जयंती के अवसर पर राष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस मनाता है, और इस साल सातवां आयुर्वेद दिवस 23 अक्टूबर को मनाया जाएगा।प्रति वर्ष राष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस अलग अलग विशेष थीम पर आधारित रहा है। जिला आयुर्वेद अधिकारी डाॅ जे आर नेताम ने बताया कि इस वर्ष आयुष मंत्रालय भारत सरकार द्वारा जारी निर्देशानुसार हर दिन हर घर आयुर्वेद थीम पर आधारित है और दिनांक 12 अक्टूबर से 23 अक्तूबर तक मनाया जाना है। राष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस समारोह अंतर्गत अलग अलग दिवस में अलग अलग आयुष गतिविधि जैसे काढ़ा वितरण, औषधीय पौधारोपण, आयुर्वेद आधारित जन जागरूकता कार्यक्रम एवं रैली, स्कूल स्तर पर व्याख्यान , निबंध भाषण  प्रतियोगिता, योग शिविर,आयुष स्वास्थ्य शिविर आदि का आयोजन किया जाएगा। हर दिन हर घर आयुर्वेद में समग्र स्वास्थ्य के लिए आयुर्वेद के बारे में जागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया गया है।आयुष हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर बोरगांव में भी राष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस के थीम हर दिन हर घर आयुर्वेद अंतर्गत विविध गतिविधियों के माध्यम से घर घर और हर घर आयुर्वेद को पहुँचाने का उद्देश्य है। ग्राम स्तर पर घर घर जाकर आयुर्वेद वर्णित आहार विहार, स्वस्थ जीवन शैली हेतु जानकारी देकर जन साधारण को आयुर्वेद के प्रति जागरूक किया जा रहा है। आयुर्वेद चिकित्सा अधिकारी डॉ योगेश विश्वकर्मा ने बताया कि हर दिन हर घर आयुर्वेद थीम अंतर्गत जनसाधारण को अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने के साथ ही बेहतर जीवन के लिए आयुर्वेद को अपने दैनिक जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित करना ही मुख्य लक्ष्य है।आयुर्वेद को घर घर पहुँचाने के अभियान में बोरगांव औषधालय के डाॅ स्वरांजलि जांगडे ,सुनील गायकवाड़, जितेश्वरी सेन, देवनाथ मरकाम,खगेशवर नाग आदि का सहयोग मिल रहा है।