आबकारी विभाग की दबिश, कुम्हली में 30 पाव अवैध शराब के साथ एक आरोपी गिरफ्तार

पाटन। आबकारी विभाग दुर्ग द्वारा अवैध मदिरा के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत 28 जुलाई 2026 की रात्रि गश्त के दौरान ग्राम कुम्हली, जामगांव (आर), जिला दुर्ग में छापेमार कार्रवाई कर 30 पाव देशी मसाला शराब जब्त की गई। कार्रवाई में एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया। जानकारी के अनुसार, आबकारी विभाग की टीम ने रात्रि गश्त के दौरान ग्राम कुम्हली में दबिश देकर आरोपी खेलन राम साहू (34 वर्ष) के कब्जे से 30 पाव देशी मसाला मदिरा बरामद की। जब्त शराब के आधार पर आरोपी के विरुद्ध छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत प्रकरण दर्ज किया गया।

आबकारी विभाग ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया, जहां से उसे जेल दाखिल कर दिया गया। मामले की विवेचना आबकारी अधिकारी अरविन्द साहू द्वारा की जा रही है। आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, संग्रहण, परिवहन एवं बिक्री के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा तथा ऐसे मामलों में दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।