पंडरिया-ब्लाक के संकुल केंद्र मुनमुना में संकुल स्तरीय शाला प्रवेश उत्सव एवं विदाई समारोह का आयोजन बुधवार को किया गया। यह कार्यक्रम ग्राम पंचायत मुनमुना सरपंच ललिता पात्रे, पालकगण, संकुल प्राचार्य एवं संकुल के समस्त शिक्षक व विद्यार्थियों की उपस्थिति में सम्पादित हुआ। सर्वप्रथम मां सरस्वती की पूजा अर्चना कर दीप प्रज्ज्वलित कर पूजा किया गया। ततपश्चात नवीन शिक्षा सत्र 2025-26 के आरम्भ में संस्था प्रमुख एवं शिक्षकों को शासन के आदेश-निर्देश से अवगत कराते हुए शैक्षिक कलेण्डर के अनुसार क्रियान्वयन, शाला संचालन समय व पालन, शिक्षकों को विभागवार प्रभार देने, ऑनलाइन अवकाश सम्बन्धी, मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता व मीनू का पालन, पाठ्यपुस्तक का स्कैनिंग कर वितरण, युडाइस प्रोग्रेसिव में शीघ्रता, SMC बैठक व गठन, विद्यार्थियों के जाति-निवास-आय प्रमाण-पत्र सम्बन्धी, पात्र छात्रों के छात्रवृत्ति हेतु खाता खोलने, आईपीआर प्रविष्टि, “एक पेड़ माँ के नाम” का गहनता से पालन आदि महत्वपूर्ण बिंदुओं से अवगत कराया गया।
कक्षा पांचवीं में प्रथम व द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले तीन बच्चों को प्राथमिक शाला मुनमुना के प्रधान पाठक अतुल तिवारी द्वारा चांदी का सिक्का भेंट कर प्रोत्साहित किया गया।
संकुल से पदोन्नत एवं अतिशेष से अन्यत्र संस्था में गए शिक्षक ( राधा धुर्वे, रामकुमार मंडावी, सुखसिंह धुर्वे एवं इंदलदास डाहीरे का विदाई करते हुए संकुल प्राचार्य रामनाथ राजपूत के करकमलों श्रीफल, अंगवस्त्र, डायरी एवं लेखनी भेंटकर सम्मानित किया गया।
ततपश्चात संकुल समन्वयक रघुनंदन गुप्ता की बिटिया के जन्मदिन पर उपस्थित संकुल के समस्त शिक्षकों एवं अतिथियों को नेवता भोजन कराया गया। नवप्रवेशी बच्चों का तिलक लगा, माला पहनाकर, मुह मीठा कराते हुए उन्हें गणवेश एवं पुस्तक वितरण किया गया। न्यौता भोजन में खीर, पूड़ी, मटर-पनीर की सब्जी, केला और मीठा बच्चों को परोसा गया।







