“किसान भागीदारी, प्राथमिकता हमारी”, प्राकृतिक कृषि पद्धति को बढ़ावा देने जिला स्तरीय किसान मेले का हुआ आयोजन

आशीष दास

कोंडागांव/बोरगांव । आजादी के अमृत महोत्सव के अंतर्गत 26 अप्रैल को कृषि विज्ञान केन्द्र के द्वारा किसान मेले का आयोजन जनपद पंचायत कोंडागांव मे किया गया, इस मेले का उद्देश्य भारतीय प्राकृतिक कृषि पद्धति को बढ़ावा देना है। इस आयोजन मे केन्द्रीय कृषि मंत्री ने विभिन्न कृषि विज्ञान केन्द्रों के माध्यम से किसानो में कृषि उद्धमिता विकास करने हेतु सीधा संवाद किया जिसे ऑनलाइन कोंडागांव जिले के किसानो ने भी सुना।

इस कार्यक्रम में प्राकृतिक कृषि पद्धति विषय पर कृषक-वैज्ञानिक परिचर्चा का आयोजन किया, जिसमें किसानो ने प्राकृतिक खेती के बारे मे जाना। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि देवचंद मतलाम अध्यक्ष जिला पंचायत कोंडागांव ने बताया की जिस तरह से खेती मे उर्वरक व रसायनों का अन्धाधुंध उपयोग हो रहा है आने वाले समय में मिट्टी उर्वरा खत्म हो जाएगी, अतः प्राकतिक खेती ही एक मात्र विकल्प है जिससे मिट्टी को बचाया जा सकता है, भगवती पटेल उपाध्यक्ष जिला पंचायत ने जैविक खाद का उपयोग करने को कहा, प्रमिला मरकाम, अध्यक्ष कृषि स्थायी समिति ने जिले मे तिलहन व दलहन का रकबा बढ़ाने को कहा, जिससे किसानो को अन्न क्षेत्र में आत्मनिर्भरता आ सके।

कृषि विज्ञान केन्द्र, कोण्डागांव के वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं प्रमुख, डॉ. ओम प्रकाश ने अपने स्वागत उद्बोधन में बताया कि मिट्टी एवं जल को सुरक्षित रखते हुवे, स्थानीय महत्व की फसलों को लगाना ज्यादा उपयुक्त रहता है । लघु धान्य फसलों को प्राकृतिक खेती के माध्यम से उत्पादन करना बस्तर अंचल के लिए उचित है जिससे इन फसलों से पौष्टिक आहार के साथ मिट्टी की उर्वरा शक्ति को बनाये रखा जा सकता है । कृषि पारिस्थितिकी तंत्र का पोषण करके नवाचार एवं कृषि-उद्यमिता को बढ़ावा देने से कृषि में युवा किसानों की भागीदारी और महत्वपूर्ण हो सकती है ।

डॉ. हितेश मिश्रा, विषय वस्तु विशेषज्ञ ने फोर्टीफाइड धान व कम बजट पर प्राकृतिक खेती करने के तरीके के बारे मे बताया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. नीता मिश्रा, पशु चिकित्सा अधिकारी ने किया । इस कार्यक्रम मे विभिन्न विभागों व प्रगतिशील कृषको के माध्यम से प्रदर्शनी लगाई गई, जिसमें कृषि विभाग, उद्यानिकी विभाग,पशुधन विकास विभाग, नारियल विकास बोर्ड, कृषि अभियांत्रिकी विभाग, मछली पालन विभाग, कृषि विज्ञान केन्द्र, धरोहर समिति जिला कोण्डागांव व मगतु राम जैविक खेती की महती भूमिका रही।

इस आयोजन मे मनिला नेताम सदस्य जिला पंचायत, बी.एल. पटेल पूर्व उपाध्यक्ष जनपद पंचायत, डॉ प्रितीश, डॉ दीपिका, टिकेश्वर नाग, योगेश्वर कुमार देवांगन, राजेन्द्र नेताम, हेमंत नेताम, तनुश्री, सुभद्रा मरकाम, हिमाचल नेताम, अंकिता पांडे, अन्य अधिकारी-कर्मचारी एवं भारी संख्या में किसान मौजूद रहे।