केशव साहू ।डोंगरगढ बेलगांव –HDFC बैंक परिवर्तन के HRDP कार्यक्रम के अंतर्गत, समर्थ चैरिटेबल ट्रस्ट के माध्यम से ग्राम पंचायत अछोली में एक दिवसीय किसान प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम ग्राम पंचायत के सरपंच नंदकुमार साहू के मार्गदर्शन में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ । कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य किसानों को आधुनिक, टिकाऊ एवं आयवर्धक कृषि पद्धतियों से जोड़कर उनकी क्षमता वृद्धि करना रहा।
कार्यक्रम के दौरान समर्थ चैरिटेबल ट्रस्ट की टीम द्वारा किसानों को जैविक कृषि, दलहनी एवं तिलहनी फसलों को बढ़ावा देने, मृदा परीक्षण के महत्व तथा वैज्ञानिक कृषि प्रबंधन की जानकारी दी गई। साथ ही उद्यानिकी खेती, सब्जी उत्पादन, ड्रिप सिंचाई एवं लिफ्ट सिंचाई जैसी आधुनिक तकनीकों पर विस्तार से चर्चा की गई, जिससे जल संरक्षण के साथ उत्पादन लागत में कमी लाई जा सके।
इसके अतिरिक्त ग्रामीण आजीविका संवर्धन के लिए पोल्ट्री यूनिट, एरो प्लांट तथा दोना-पत्तल निर्माण इकाई जैसी गतिविधियों की जानकारी दी गई, जिससे किसानों एवं स्व-सहायता समूहों को स्वरोजगार के नए अवसर मिल सकें।
कार्यक्रम में समर्थ चैरिटेबल ट्रस्ट की ओर से प्रोग्राम मैनेजर भैया सिंह झारे, सोशल मोबिलाइजेशन अधिकारी नंदलाल साहू, कृषि विशेषज्ञ श सोमनाथ चवाले, सीआरपी मुकेश साहू एवं श्रीमती वैशाली कोचे सहित बड़ी संख्या में किसान एवं स्व-सहायता समूह के सदस्य उपस्थित रहे।







