पंडरिया। प्रदेश की विष्णु देव सरकार द्वारा किसानों के हित में किए जा रहे विकास कार्यों का असर अब ग्रामीण अंचलों में साफ दिखाई देने लगा है। पंडरिया एवं कुंडा क्षेत्र के किसानों में उस समय खुशी की लहर दौड़ गई, जब बकेला में डायवर्सन निर्माण कर हाफ नदी के पानी को क्रांति जलाशय के ग्राम सेमरकापा मायनर नहर तक पहुंचाने तथा नहर विकास एवं नहर रोड चौड़ीकरण का कार्य तेज गति से शुरू हुआ। किसानों ने इस महत्वाकांक्षी योजना के लिए राज्य शासन, क्षेत्रीय विधायक भावना बोहरा एवं प्रशासन के प्रति आभार जताया है।


ग्रामीणों का कहना है कि वर्षों से पानी की समस्या से जूझ रहे इस क्षेत्र की बड़ी आबादी खेती के लिए बारिश पर निर्भर थी। गर्मी और कम वर्षा के दौरान खेत सूख जाते थे, जिससे किसानों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता था। अब हाफ नदी के पानी को नहर के माध्यम से खेतों तक पहुंचाने की पहल से क्षेत्र की शुष्क जमीन को पर्याप्त सिंचाई मिल सकेगी और खेती को नई दिशा मिलेगी।किसानों ने बताया कि सेमरकापा मायनर नहर के चौड़ीकरण से पानी की आपूर्ति बेहतर होगी, जिससे अधिक से अधिक गांवों और खेतों तक सिंचाई सुविधा पहुंचेगी। इससे धान सहित अन्य फसलों का उत्पादन बढ़ेगा और किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत होगी। ग्रामीणों का मानना है कि यह योजना क्षेत्र को हरा-भरा और समृद्ध बनाने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगी।
चौड़ी सड़क मिलेगी-सिंचाई के लिए नहर के साथ-साथ लगभग 50 फीट चौड़ी सड़क का निर्माण कार्य होने से ग्रामीणों में अतिरिक्त उत्साह देखा जा रहा है। किसानों का कहना है कि फसल को मंडी तक पहुंचाने, खाद-बीज लाने और आवागमन में अब काफी सुविधा मिलेगी। पहले सकरे और खराब रास्तों के कारण किसानों को परेशानियों और अतिरिक्त खर्च का सामना करना पड़ता था, लेकिन सड़क बनने से समय और लागत दोनों की बचत होगी।
ग्रामीणों ने यह भी कहा कि भविष्य में यह सड़क मोहतरा से सीधे रहमानकापा तक कम दूरी का सुगम मार्ग बन जाएगी, जिससे आसपास के गांवों को भी लाभ मिलेगा। किसानों ने शासन की इस जनहितैषी योजना को ग्रामीण विकास और कृषि समृद्धि की दिशा में ऐतिहासिक पहल बताते हुए प्रशासन की कार्यशैली की सराहना की है।





