पाटन। क्षेत्र में खरीफ फसल सीजन की तैयारियां तेज हो गई हैं। किसानों ने भगवान बलराम की पूजा-अर्चना कर खेती-किसानी कार्यों का शुभारंभ किया। गांवों में धान की नर्सरी (थरहा) तैयार करने के लिए धान बीज का छिड़काव शुरू हो गया है, वहीं कई किसान धान की बोनी भी प्रारंभ कर चुके हैं।

मौसम विभाग द्वारा इस वर्ष अच्छे मानसून के संकेत मिलने से किसानों में उत्साह का माहौल है। समय पर बारिश की उम्मीद के चलते खेतों में कृषि गतिविधियां बढ़ गई हैं और किसान पूरे जोश के साथ खरीफ फसल की तैयारी में जुटे हुए हैं।
ग्राम बठेना के प्रगतिशील कृषक सुनील वर्मा ने अपने खेत में भगवान बलराम की पूजा-अर्चना कर खेती कार्य का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने अच्छी वर्षा और बेहतर उत्पादन की कामना करते हुए धान की नर्सरी तैयार करने का कार्य शुरू किया।
किसानों का कहना है कि सरकार द्वारा धान का समर्थन मूल्य बढ़ाए जाने के बाद धान की खेती के प्रति उनका रुझान और बढ़ा है। बेहतर मूल्य मिलने की उम्मीद से किसान अधिक क्षेत्र में धान की खेती करने की योजना बना रहे हैं।
क्षेत्र के कृषि जानकारों के अनुसार यदि मानसून सामान्य रहता है तो इस वर्ष धान उत्पादन में वृद्धि होने की संभावना है। खेती की शुरुआत के साथ ही ग्रामीण अंचलों में एक बार फिर खेत-खलिहानों की रौनक लौट आई है।






