धान बेचने के बाद भी किसानों के खाते में नहीं पहुंची राशि, पाटन ब्लॉक में बढ़ा आक्रोश


पाटन। पाटन ब्लॉक में धान बेच चुके किसानों को अब तक भुगतान नहीं मिलने से भारी नाराजगी है। जनवरी के अंतिम सप्ताह में समर्थन मूल्य पर धान बेचने वाले किसान आज तक अपनी मेहनत की कमाई के लिए इंतजार कर रहे हैं। राशि खाते में जमा नहीं होने से किसानों के सामने आर्थिक संकट गहरा गया है।
किसानों का कहना है कि धान खरीदी केंद्रों में उपज बेचने के बाद भी भुगतान के लिए बार-बार चक्कर काटना पड़ रहा है। वर्तमान में केवल समर्थन मूल्य की खरीदी की जा रही है, लेकिन उसका भुगतान समय पर नहीं होने से व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
भुगतान अटकने से किसानों के सामने खाद, बीज, हार्वेस्टर और मजदूरों की मजदूरी चुकाने में गंभीर परेशानी आ रही है। कई किसान कर्ज लेकर खेती का काम कर रहे हैं और अब भुगतान नहीं मिलने से वे आर्थिक दबाव में आ गए हैं।
पाटन ब्लॉक की लगभग सभी समितियों में यही स्थिति बताई जा रही है। धान बेचने वाले अधिकांश किसानों के खातों में अब तक राशि जमा नहीं हुई है। किसानों ने प्रशासन से जल्द से जल्द बकाया भुगतान उनके खातों में जमा कराने की मांग की है, ताकि वे आगामी कृषि कार्य समय पर कर सकें।
किसानों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र भुगतान नहीं किया गया तो वे आंदोलन का रास्ता भी अपना सकते हैं।