पाटन । ब्लॉक के ग्राम छोटे औरी के ग्रामीण और किसान लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से परेशान होकर जिला मुख्यालय पहुंचे। ग्रामीणों ने कलेक्टर जनदर्शन में आवेदन सौंपकर खेतों में हो रही मोटर पंप के कापर तार और बिजली के केबल तार की चोरी पर रोक लगाने की मांग की।
ग्रामीणों ने बताया कि पिछले कुछ महीनों से गांव और आसपास के खेतों में लगातार चोरी की घटनाएं हो रही हैं। चोर बिजली के खंभों से तार काटकर ले जा रहे हैं और खेतों में लगे मोटर पंप के कापर तार और केबल भी चोरी कर ले रहे हैं। इससे किसानों को भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है।
किसानों का कहना है कि इस समय खेतों में मक्का की फसल लगी हुई है और फसल की सिंचाई के लिए मोटर पंप की आवश्यकता होती है। लेकिन चोरी के कारण मोटर पंप बंद पड़े हैं, जिससे सिंचाई में परेशानी हो रही है और फसल को नुकसान होने का खतरा बढ़ गया है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि गांव और खेतों के आसपास पुलिस गश्त बढ़ाई जाए और चोरी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि किसानों को राहत मिल सके और भविष्य में ऐसी घटनाओं पर रोक लग सके।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि जल्द ही इस समस्या का समाधान नहीं हुआ तो किसानों की मेहनत से तैयार हो रही फसल बर्बाद हो सकती है। इसलिए उन्होंने प्रशासन से जल्द कार्रवाई करने की अपील की है।







