खेत बचाओ किसान मेले में किसानों को दी गई आधुनिक कृषि तकनीकों की जानकारीजोगीगुफा में जिला स्तरीय किसान मेला एवं कृषि प्रदर्शनी संपन्न

पाटन। विकासखंड लिटाया अंतर्गत ग्राम जोगीगुफा में मंगलवार को जिला स्तरीय “खेत बचाओ किसान मेला एवं कृषि प्रदर्शनी” का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में किसानों ने भाग लेकर कृषि से जुड़ी नवीन तकनीकों, योजनाओं एवं कृषि उपकरणों की जानकारी प्राप्त की।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ शासन के शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता सांसद विजय बघेल ने की। वहीं राजमहंत गुरुजी डोमानलाल कोसेवाड़ा, साजा विधायक ईश्वर साहू, छत्तीसगढ़ राज्य तेलघानी विकास बोर्ड के अध्यक्ष जितेंद्र साहू, सभापति नीलम राजेश चंद्राकर, जिला पंचायत उपाध्यक्ष पवन शर्मा, धमधा ब्लॉक अध्यक्ष लीमन साहू, सभापति जितेंद्र यादव, यशवंत साहू सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

मेले में कृषि विभाग द्वारा विभिन्न योजनाओं, उन्नत खेती, जैविक कृषि, फसल संरक्षण एवं आधुनिक कृषि उपकरणों की प्रदर्शनी लगाई गई। किसानों को खेती में नवाचार अपनाने तथा उत्पादन बढ़ाने के संबंध में विशेषज्ञों द्वारा जानकारी दी गई।

इस अवसर पर अतिथियों ने कहा कि कृषि क्षेत्र में नई तकनीकों के उपयोग से किसानों की आय में वृद्धि संभव है। सरकार किसानों को सशक्त बनाने और खेती को लाभकारी बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने किसानों से कृषि विभाग की योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लेने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में क्षेत्र के सरपंच, जनपद सदस्य, मंडल अध्यक्ष, महामंत्री, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी तथा आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे। किसान मेले एवं कृषि प्रदर्शनी को लेकर किसानों में उत्साह देखने को मिला।