ससुर ने की बहू की हत्या : कीटनाशक पिलाकर दबाया गला, हत्या के बाद शव सेप्टिक टैंक में छुपाया, इसलिए था नाराज



सार
कबीरधाम

आज शुक्रवार को कबीरधाम पुलिस ने हत्या के मामले का खुलासा कर दिया है।दूसरी जाति होने के कारण ससुर ने ही अपनी बहू की हत्या कर दिया था व शव को सेप्टिक टैंक में छुपा दिया। मामला सहसपुर लोहारा थाना क्षेत्र का है। थाना प्रभारी मनीष मिश्रा ने बताया कि प्रकरण की जानकारी इस प्रकार है, प्रार्थी भोजराम पटेल पिता जहल राम पटेल उम्र 23 वर्ष, निवासी बांधाटोला थाना सहसपुर लोहारा ने थाना उपस्थित होकर रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह कामनी निषाद उम्र 20 वर्ष, निवासी चैतुखपरी थाना मोहारा जिला राजनांदगांव को हैदराबाद से प्रेम प्रसंग के कारण शादी करने के उद्देश्य से अपने गांव लाया था।




7 नवंबर 2025 को बिना बताए कहीं चली गई। प्रार्थी की सूचना पर दिनांक 12 नवंबर 2025 को थाना सहसपुर लोहारा में गुम इंसान दर्ज कर पता तलाश प्रारंभ किया गया। तलाश के दौरान प्रार्थी के परिजनों से पूछताछ में विरोधाभास मिलने पर मामला संदिग्ध प्रतीत हुआ। संदेह के आधार पर पुलिस द्वारा जहल पटेल को कड़ाई से पूछताछ की गई, जिसमें उसने स्वीकार किया कि उसका बेटा कामनी निषाद से प्रेम करता था, किंतु लड़की अन्य जाति की होने से वह इस संबंध को स्वीकार नहीं करता था।



इस कारण उसने कामनी निषाद की गला दबाकर एवं कीटनाशक दवा पिलाकर हत्या करने तथा शव को अपने ही घर के सेप्टिक टेंक में छुपाने की बात स्वीकार की। आरोपी की निशानदेही पर कीटनाशक का डिब्बा बरामद कर कब्जे में लिया गया। आरोपी जहल पटेल पिता गंधक पटेल उम्र 50 वर्ष, निवासी बांधाटोला के खिलाफ थाना सहसपुर लोहारा में  अपराध दर्ज कर विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।