बी पी एस सी से शुरू हुआ सफर, यू पी एस सी में रचा इतिहास — नॉन एस सी एस से पहले प्रयास में हासिल की सफलता, विधायक ललित चंद्राकर ने दी बधाई
नॉन एस सी एस से पहले प्रयास में मिली आई ए एस की मंज़िल
ग्राम मतवारी की नीलिमा साहू ने पूरे जिले का नाम रोशन किया
अंडा। फोटो। दुर्ग ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के ग्राम मतवारी की बेटी नीलिमा साहू ने अपनी मेहनत और लगन से यू पी एस सी परीक्षा में सफलता हासिल कर आई ए एस बनकर पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है। नीलिमा वर्तमान में बिहार पब्लिक सर्विस कमीशन (बी पी एस सी) में चयनित होकर विशेष कार्य पदाधिकारी (ओ एस डी), बापू टावर, भवन निर्माण विभाग, बिहार सरकार में कार्यरत हैं, नीलिमा साहू के पिता भैया लाल साहू, जो रिटायर्ड हेडमास्टर हैं, और उनकी मां ढ़ेलेश्वरी साहू गृहिणी हैं। माता-पिता का शुरू से ही सपना था कि उनकी बेटी आई ए एस बने, और नीलिमा ने अपनी मेहनत से यह सपना साकार कर दिखाया है।
नीलिमा ने बताया कि यह उनका नॉन एस सी एस के तहत यू पी एस सी का पहला प्रयास था। इससे पहले वे यू पी एस सी में दो बार दो इंटरव्यू तक पहुँचीं, लेकिन चयन नहीं हो सका। हार न मानते हुए उन्होंने अपने अनुभवों से सीखा और तैयारी में और अधिक समर्पण से जुट गईं। इसी बीच, उन्होंने बिहार लोक सेवा आयोग (बी पी एस सी) परीक्षा में पहले ही प्रयास में सफलता हासिल की और वर्तमान में बिहार अल्पसंख्यक कल्याण सेवा की अधिकारी रहते हुए अतिरिक्त प्रभार एवं प्रतिनियुक्ति पर कई विभागों में अपनी सेवा देती रही और कार्यरत रहीं। अंततः उन्होंने यू पी एस सी परीक्षा में सफलता प्राप्त की।
उनकी इस उपलब्धि से ग्राम मतवारी सहित पूरे जिले में खुशी की लहर दौड़ गई है। ग्रामीणों ने मिठाइयाँ बाँटकर नीलिमा की सफलता का जश्न मनाया। परिवार के सदस्यों की आँखों में गर्व और खुशी के आँसू हैं।
क्षेत्रीय विधायक श्री ललित चंद्राकर ने नीलिमा साहू को फोन कर सफलता की बधाई दी। उन्होंने कहा कि नीलिमा ने क्षेत्र का मान बढ़ाया है और युवाओं के लिए प्रेरणा बनी हैं। वर्तमान में वे बिहार प्रवास पर हैं और लौटने पर नीलिमा से मिलकर व्यक्तिगत रूप से बधाई देने की बात कही।
नीलिमा कहती हैं, “असफलता अंत नहीं होती, बल्कि सीखने का एक मौका होती है। यदि मन में ठान लिया जाए, तो कोई भी मंज़िल दूर नहीं रहती।”
नीलिमा की यह सफलता न केवल क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणा है, बल्कि यह संदेश भी देती है कि निरंतर प्रयास और आत्मविश्वास से हर सपना साकार किया जा सकता है।







