फेडरेशन की संभागीय बैठक संपन्न, 29, 30 एवं 31 दिसंबर को ‘काम बंद-कलम बंद’ हड़ताल के लिए कर्मचारियों ने कसी कमर


दुर्ग। ज्ञात हो कि छत्तीसगढ़ कर्मचारी-अधिकारी फेडरेशन दुर्ग संभाग की एक सभा आज दिनांक 13/12/2025 को स्थानीय जनपद पंचायत के सभाकक्ष में फेडरेशन के प्रांतीय संयोजक कमल वर्मा की अध्यक्षता में आहूत की गई थी, जिसमें विशिष्ट रूप से प्रांतीय सचिव एवं दुर्ग संभाग प्रभारी राजेश चटर्जी, लिपिक संघ प्रांताध्यक्ष संजय सिंह, प्रदेश लिपिक संघ प्रांताध्यक्ष रोहित तिवारी, स्वास्थ्य एवं बहुउद्देशीय कर्मचारी संघ प्रांताध्यक्ष पंकज पांडेय, मनोज कुमार साहू प्रांताध्यक्ष शालेय शिक्षक संघ, संतोष वर्मा कार्यकारी अध्यक्ष संचालनालय विभागाध्यक्ष कर्मचारी संघ, संभागीय अध्यक्ष आनंद कुमार श्रीवास्तव, जिला संयोजक कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन दुर्ग विजय लहरे, राजपत्रित अधिकारी संघ जिलाध्यक्ष रूपेश पांडेय, और अनूप साहू महासचिव कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन उपस्थित थे।
‘मोदी की गारंटी’ (विधानसभा चुनाव 2023-प्रदेश के कर्मचारियों के लिए प्रमुख वायदे) लागू करो की मांग को लेकर 11 सूत्रीय मांगों के समर्थन में आगामी 29, 30 व 31 दिसंबर 2025 की तीन दिवसीय निश्चितकालीन हड़ताल को सफल बनाने के लिए आहूत की गई इस सभा में उपस्थित फेडरेशन से संबद्ध समस्त कर्मचारी नेताओं ने एकमत होकर उक्त ‘काम बंद-कलम बंद’ हड़ताल को सफल बनाने के लिए पुरजोर समर्थन किया।
उक्ताशय की जानकारी छत्तीसगढ़ कर्मचारी-अधिकारी फेडरेशन दुर्ग के मीडिया प्रभारी भानुप्रताप यादव द्वारा दी गई।”