पाटन।
राज्य कार्यक्रम अधिकारी (NBVDCP) के आदेशानुसार संचालनालय स्वास्थ्य सेवाएं द्वारा दुर्ग जिले में फाइलेरिया उन्मूलन कार्यक्रम के अंतर्गत ट्रांसमिशन असेसमेंट सर्वेक्षण (TAS-1) संचालित किया जा रहा है।
कार्यक्रम के तहत चयनित 52 शासकीय एवं निजी प्राथमिक स्कूलों में प्रथम एवं द्वितीय कक्षा के 6 से 7 वर्ष आयु वर्ग के छात्र-छात्राओं का रक्त परीक्षण एफटीएस किट के माध्यम से किया जा रहा है। यह परीक्षण चिरायु टीम द्वारा किया जा रहा है। जांच में पॉजिटिव पाए जाने वाले बच्चों को आवश्यक दवाएं देकर उपचार सुनिश्चित किया जा रहा है।
स्वास्थ्य विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार यह सर्वेक्षण दो चरणों में आयोजित किया जा रहा है। प्रथम चरण 25 फरवरी 2026 से 28 फरवरी 2026 तक तथा द्वितीय चरण 9 मार्च 2026 से 14 मार्च 2026 तक संचालित किया जाएगा।
प्रथम चरण की जांच पूर्ण होने के बाद विकासखंड पाटन में 6 बच्चे पॉजिटिव पाए गए हैं। स्वास्थ्य विभाग द्वारा सभी बच्चों को आवश्यक उपचार प्रदान किया जा रहा है तथा सतत निगरानी की जा रही है।







