श्री हरि पब्लिक स्कूल खप्परवाडा में फायर सेफ्टी ड्रिल का हुआ आयोजन…बच्चों ने सीखी आपातकाली परिस्थितियों में सुरक्षित निकलने की तकनीक

अंडा। श्री हरि पब्लिक स्कूल खप्परवाडा बालोद में फायर विभाग, जिला बालोद के सहयोग से एक व्यापक फायर सेफ्टी एवं निकासी (Evacuation) ड्रिल का आयोजन किया गया। इस ड्रिल का उद्देश्य विद्यार्थियों और स्टाफ को आपातकालीन परिस्थितियों में सुरक्षित एवं त्वरित प्रतिक्रिया देने के लिए प्रशिक्षित करना था।


ड्रिल के दौरान जिला बालोद फायर विभाग के अधिकारियों ने छात्रों को आग लगने पर प्रारम्भिक संकेत पहचानने, सुरक्षित स्थान पर पहुँचने, ‘स्टॉप–ड्रॉप–रोल’ तकनीक तथा आग बुझाने वाले यंत्र (फायर एक्सटिंग्विशर) के सही उपयोग का प्रदर्शन किया। साथ ही आपातकालीन नंबरों और स्कूल के निर्धारित सेफ्टी प्वाइंट्स की जानकारी भी दी गई।
प्रधानाचार्या संयोगिता सक्सेना के नेतृत्व में सभी कक्षाओं के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। ड्रिल की शुरुआत एक मॉक फायर अलार्म से हुई, जिसके बाद छात्रों और शिक्षकों ने निर्धारित निकासी मार्ग का पालन करते हुए सुरक्षित स्थान पर पहुँचकर अनुशासन का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया।


स्कूल मैनेजर प्रणय कुमार देब ने फायर अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित करते हुए पूरे कार्यक्रम की गति और व्यवस्था पर निगरानी रखी। विद्यालय प्रबंधन से तेज प्रकाश सक्सेना और नुपुर सक्सेना भी उपस्थित रहे तथा उन्होंने सुरक्षा जागरूकता को विद्यालय की प्राथमिकता बताते हुए ऐसे कार्यक्रमों के नियमित आयोजन पर जोर दिया।
ड्रिल का समापन फायर विभाग के अधिकारियों द्वारा सुरक्षा निर्देशों और जागरूकता संदेशों के साथ हुआ। विद्यालय की ओर से छात्रों को आपदा प्रबंधन के प्रति सतर्क रहने और सीखी गई तकनीकों को व्यवहार में लाने के लिए प्रेरित किया गया।