इस तरह यशवंत सिन्हा को एक तिहाई से भी कम वोट मिले हैं। यदि यही रुझान जारी रहता है तो फिर द्रौपदी मुर्मू को बड़ी जीत हासिल हो सकती है। राज्यसभा के जनरल सेक्रेटरी ने मतगणना के पहले राउंड के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि अभी यह पहले राउंड के नतीजे हैं। अब राज्यों में विधायकों के मतों की गिनती की जाएगी। बता दें कि झामुमो, अकाली दल, सुभासपा, शिवसेना, टीडीपी, वाईएसआर कांग्रेस और बीजू जनता दल समेत कई गैर एनडीए दलों ने द्रौपदी मुर्मू का समर्थन किया था। ऐसे में अगले राउंड में विधायकों के मतों की गिनती में भी उन्हें बड़ी बढ़त मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

मतगणना में जुटे अधिकारियों का कहना है कि अगले डेढ़ से दो घंटे यानी 5 बजे तक राष्ट्रपति चुनाव का अंतिम नतीजा सामने आ सकता है। इस बीच द्रौपदी के ओडिशा के मयूरभंज जिले में स्थित गांव में जश्न का माहौल है। इसके अलावा दिल्ली में भी उनके घर में जश्न की तैयारियां की जा रही हैं। खबर है कि उनकी जीत का ऐलान होने पर पीएम नरेंद्र मोदी और सरकार के कई सीनियर मंत्री उनके घर पर पहुंचकर उन्हें बधाई दे सकते हैं। द्रौपदी मुर्मू राष्ट्रपति बनती हैं तो वह देश के सर्वोच्च पद पर पहुंचने वाली पहली महिला आदिवासी नेता होंगी।