बाढ़ का असर: 27 सितंबर को पाटन नगर में नहीं होगी पेयजल आपूर्ति, विद्युत पैनल बोर्ड पानी में डूबा

पाटन। अतिवृष्टि के चलते खारून नदी उफान पर है। नदी का जलस्तर बढ़ने से पाटन नगर के विभिन्न वार्डों में पेयजल आपूर्ति के लिए लगाए गए विद्युत कनेक्शन के पैनल बोर्ड बाढ़ के पानी में डूब गए हैं। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए अनहोनी की आशंका से विद्युत कनेक्शन काट दिया गया है।

इसके चलते 27 सितंबर को पाटन नगर के वार्डों में नलों के माध्यम से पेयजल आपूर्ति नहीं हो सकेगी।

नगर पंचायत के जल विभाग प्रभारी ने बताया कि खारून नदी का जलस्तर कम होने और स्थिति सामान्य होने के बाद ही पेयजल आपूर्ति दोबारा शुरू की जा सकेगी। उन्होंने नगरवासियों से अपील की है कि इस दौरान घरों में साफ एवं सुरक्षित पानी का उपयोग करें और स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखें।

बाढ़ की स्थिति को देखते हुए नगर पंचायत का जल विभाग लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है।