पाटन में बाढ़ से 8 गांव प्रभावित, 584 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया, एसडीएम , तहसीलदार के कार्य की हो रही सराहना

पाटन। खारून नदी में आई बाढ़ के चलते पाटन तहसील के 8 गांव प्रभावित हुए हैं। प्रशासन द्वारा जारी 26 सितंबर 2026 की बाढ़ आपदा संबंधी जानकारी के अनुसार प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्य लगातार जारी है।

प्रशासनिक रिपोर्ट के मुताबिक भोथली, अमलेश्वर, खुड़मुड़ा, जमराव, पाहंदा, रीवागहन, कीकिरमेटा और केसरा गांव बाढ़ से प्रभावित हैं। इन गांवों से अब तक कुल 584 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है।

रिपोर्ट के अनुसार भोथली में 80, अमलेश्वर में 147, खुड़मुड़ा में 8, जमराव में 165, पाहंदा में 40, रीवागहन में 5, कीकिरमेटा में 4 तथा केसरा में 135 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है।

प्रभावित गांवों में 8 राहत शिविर बनाए गए हैं। भोथली में सामुदायिक भवन, अमलेश्वर में हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी, जमराव में ग्राम पंचायत भवन, निषाद समाज सामुदायिक भवन एवं मिडिल स्कूल को राहत स्थल बनाया गया है। केसरा में शासकीय प्राथमिक शाला और पानी फार्म हाउस को आश्रय स्थल बनाया गया है।

रिपोर्ट में राहत शिविरों के लिए भोथली, अमलेश्वर और जमराव में भोजन की व्यवस्था उपलब्ध बताई गई है। वहीं अब तक जनहानि और पशुहानि का आंकड़ा शून्य दर्ज किया गया है।

प्रशासन द्वारा बाढ़ प्रभावित इलाकों में निगरानी और राहत-बचाव कार्य जारी रखा गया है।