निचली बस्तियों में घटने लगा बाढ़ का पानी, प्रशासन ने ली राहत की सांस, खारुन नदी का जलस्तर अभी भी ऊंचा, महादेव घाट पुल से आवागमन बंद

पाटन। खारुन नदी में आई बाढ़ के बाद अब पाटन ब्लॉक की निचली बस्तियों में पानी धीरे-धीरे कम होने लगा है। जलस्तर में कमी आने से प्रशासन के साथ ही बाढ़ प्रभावित परिवारों ने भी राहत की सांस ली है। हालांकि खारुन नदी का जलस्तर अभी भी सामान्य से काफी ऊपर बना हुआ है, जिसके चलते नदी किनारे के इलाकों में प्रशासन की निगरानी जारी है।

बाढ़ के कारण रायपुर-पाटन मार्ग को जोड़ने वाला महादेव घाट पुल अभी भी आवागमन के लिए बंद है। नदी में पानी का बहाव कम होने और मौसम साफ रहने की स्थिति में आज दोपहर तक हालात सामान्य होने की उम्मीद जताई जा रही है।

पाटन ब्लॉक में बाढ़ से करीब आठ गांव प्रभावित हुए हैं। प्रशासन के मुताबिक सभी बाढ़ प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचा दिया गया है और उनकी सुरक्षा पर लगातार नजर रखी जा रही है।

देर रात तक अधिकारियों ने लिया जायजा

एसडीएम पाटन उत्तम कुमार ध्रुव के निर्देश पर तहसीलदार मनोज गुप्ता, मनोज रस्तोगी और भूपेंद्र सिंह सहित राजस्व अमला देर रात तक खारुन नदी किनारे बसे गांवों और प्रभावित क्षेत्रों का जायजा लेता रहा। अधिकारियों ने ग्रामीणों से स्थिति की जानकारी ली तथा जलस्तर और बाढ़ की स्थिति पर लगातार नजर बनाए रखी।

फिलहाल पानी कम होने से स्थिति में सुधार के संकेत हैं, लेकिन नदी का जलस्तर सामान्य होने तक प्रशासन ने सतर्कता बरतने का सिलसिला जारी रखा है।