भोथली में बाढ़ का पानी, प्रभावित परिवारों का रेस्क्यू जारी, कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सबसे पहले संभाला मोर्चा, पालिका की टीम ने सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया

पाटन। नगर पालिका अमलेश्वर के भोथली वार्ड की निचली बस्ती में बाढ़ का पानी भरने के बाद प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने का सिलसिला जारी है। बाढ़ की स्थिति को देखते हुए कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने सबसे पहले मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू अभियान शुरू किया और लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने में मदद की।

एसडीएम पाटन उत्तम कुमार ध्रुव के निर्देश पर नगर पालिका अमलेश्वर द्वारा बाढ़ प्रभावित परिवारों के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं। प्रभावित लोगों को स्कूल भवन में ठहराया गया है, जहां उनके लिए जरूरी इंतजाम किए जा रहे हैं।

कांग्रेस कार्यकर्ता प्रवीण डे ने बताया कि भोथली की निचली बस्ती में अभी भी पानी भरा हुआ है। इसकी सूचना एसडीएम पाटन को दी गई है। बाढ़ प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने का कार्य लगातार जारी है।

नगर पालिका अमलेश्वर की सीएमओ प्रीति गुप्ता ने बताया कि सभी बाढ़ प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों पर ले जाया जा रहा है। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है और पालिका की पूरी टीम राहत एवं बचाव कार्य में लगी हुई है।